Fedbank Financial Services IPO: फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज का IPO आखिरी दिन 24 नवंबर को फुली सब्सक्राइब हो गया। दोपहर 3 बजे के करीब IPO को 1.99 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका था। अलग-अलग कैटेगरी की बात करें तो रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.77 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.30 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.95 गुना सब्सक्राइब हुआ है। वहीं कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा 1.22 गुना भरा है।
फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज का पब्लिक इश्यू 22 नवंबर को खुला था। कंपनी का इरादा इसके जरिए 1,092.26 करोड़ रुपये जुटाने का है। इश्यू के लिए प्राइस बैंड 133-140 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। ग्रे मार्केट में इस वक्त कंपनी के शेयर का भाव 2 रुपये के प्रीमियम के साथ ट्रेड कर रहा है।
कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए IPO में 10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर रिजर्व किए हैं, जिन्हें ये शेयर फाइनल ऑफर प्राइस से 10 रुपये प्रति शेयर के डिस्काउंट पर मिलेंगे। नेट ऑफर प्राइस का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 प्रतिशत हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल्स के लिए और शेष 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व किया गया है। पब्लिक इश्यू के तहत 600.77 करोड़ रुपये के 4.29 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा, सेलिंग शेयरहोल्डर्स की ओर से 492.26 करोड़ रुपये के 3.51 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जा रही है।
Fedbank Financial Services इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर ICICI Securities, बीएनपी पारिबा, इक्विरस कैपिटल प्राइवेट और जेएम फाइनेंशियल हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है। Fedbank Financial Services के शेयरों का अलॉटमेंट 30 नवंबर को और लिस्टिंग, बीएसई और एनएसई पर 5 दिसंबर को हो सकती है। सफल निवेशकों के अकाउंट में शेयरों को 4 दिसंबर को क्रेडिट किया जा सकता है।