Upcoming IPO: आईपीओ मार्केट में जारी हलचल अगले हफ्ते भी कम होने वाली नहीं है। अभी तक मौजूद जानकारी के मुताबिक, अगले हफ्ते कम से कम 5 कंपनियां अपना इनीशयिल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करने वाली है। वहीं 3 कंपनियों के शेयर स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे। जिन 5 कंपनियों के IPO अगले हफ्ते खुलने वाले हैं, उसमें से 1 आईपीओ मेनबोर्ड से आएगा, जबकि बाकी 4 कंपनियां अपना आईपीओ SME रूट से जारी करेंगी। ये कंपनियां कुल 857 करोड़ रुपये जुटाएंगी। इसमें SME प्लेटफॉर्म के जरिए 170 करोड़ रुपये की राशि भी शामिल हैं।
अगले हफ्ते मेनबोर्ड के जरिए आने वाला इकलौता आईपीओ नोएडा मुख्यालय वाले हॉस्पिटल चेन यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज (Yatharth Hospital and Trauma Care Services) का है। यह आईपीओ 26 जुलाई को बोली के लिए खुलेगा और 28 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 285-300 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।
कंपनी ऊपरी प्राइस बैंड अपने आईपीओ से 686.55 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस ऑफर में 490 करोड़ रुपये के नए शेयर और प्रमोटरों की ओर से 65.51 लाख इक्विटी शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) शामिल है।
यथार्थ हॉस्पिटल का लॉट साइज 50 शेयरों का है। इस तरह रिटेल निवेशकों को एक लॉट की बोली लगाने के लिए न्यूनतम 15,000 करोड़ रुपये निवेश करना होगा। एक निवेशक अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकता है और इसके लिए उन्हें 1.95 लाख रुपये निवेश करना होगा।
कंपनी ने बताया नए शेयरों की बिक्री से मिले पैसों का इस्तेमाल कर्च चुकाने, कैपिटल एक्सपेंडिचर और अकार्बनिक ग्रोथ के संभावित मौकों को फंड करने में किया जाएगा। यथार्थ हॉस्पिटल के शेयर 7 अगस्त को शेयर बाजार में लिस्ट होंगे।
नेटवेब टेक्नोलॉजीज की लिस्टिंग
हाई-एंड कंप्यूटिंग सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली कंपनी नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया के शेयर 27 जुलाई को लिस्ट होंगे। कंपनी के आईपीओ को 90 गुना से अधिक सब्सक्राइब किया गया था। एनालिस्ट्स ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नेटवेब के शेयर ग्रे मार्केट में अपने 500 रुपये के आईपीओ प्राइस से करीब 75 प्रतिशत प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं।
SME रूट से आने वाले आईपीओ
अगले हफ्ते SME रूट से 4 आईपीओ लॉन्च होने वाले हैं, जो कुल करीब 170 करोड़ रुपये जुटाएंगे। चेन्नई की ज्वैलरी कंपनी खजांची ज्वैलर्स (Khazanchi Jewellers) का 96.74 करोड़ रुपये का आईपीओ 24 जुलाई को खुलेगा और 28 जुलाई को बंद होगा।
दूसरा आईपीओ डाई बनाने वाली कंपनी यासंस केमेक्स केयर (Yasons Chemex Care) है। यह आईपीओ 24 जुलाई को 40 रुपये प्रति शेयर के ऑफर प्राइस के साथ खुलेगा। कंपनी की योजना 20.57 करोड़ रुपये जुटाने की है। यह आईपीओ 26 जुलाई को बंद होगा।
श्री टेकटेक्स (Shri Techtex) अगले हफ्ते खुलने वाला तीसरा SME आईपीओ होगा। यह ऑफर 26 जुलाई को खुलेगा और 28 जुलाई को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 54-61 रुपये प्रति शेयर है। कंपनी अपने आईपीओ के जरिए 45.14 करोड़ रुपये जुटाने की योजना में है।
डायरेक्ट मार्केटिंग सॉल्यूशन मुहैया कराने वाली कंपनी इनोवेटस एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स (Innovatus Entertainment Networks) भी 25 जुलाई को 7.74 करोड़ रुपये जुटाने के लक्ष्य के साथ अपना आईपीओ लॉन्च करेगी। यह ऑफर 27 जुलाई को बंद होगा और इसका इश्यू प्राइस 50 रुपये प्रति शेयर है।
यासंस केमेक्स केयर और श्री टेकटेक्स क्रमशः 3 अगस्त और 7 अगस्त को NSE के एसएमई इमर्ज प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होंगे। वहीं इनोवेटस एंटरटेनमेंट नेटवर्क और खजांची ज्वैलर्स क्रमशः 4 अगस्त और 7 अगस्त को बीएसई SME पर अपनी शुरुआत करेंगे।