IPO Subscription: इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को लेकर लोगों में क्रेज बढ़ता ही जा रहा है। इस हफ्ते 5 कंपनियों के IPO खुले थे, जिसमें आई बोली की कुल रकम 2.5 लाख करोड़ रुपये को भी पार कर गई। खासबात यह है कि इसमें एंकर निवेशकों की ओर से लगाया पैसा शामिल नहीं है, जो IPOs खुलने से एक दिन पहले निवेश करते हैं। सिर्फ टाटा टेक्नोलॉजीज (Tata Technologie) के IPO में निवेशकों ने करीब 1.56 लाख करोड़ से अधिक की बोली लगाई। टाटा टेक्नोलॉजीज का IPO आखिरी दिन 69.43 गुना अधिक बोली के साथ बंद हुआ। कंपनी ने IPO में कुल 4.5 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले में उसे करीब 312 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं।
इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (IRDEA) का आईपीओ 23 नवंबर को खुला था और इसे भी निवेशकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिली था। कुल 38.8 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ यह बंद हुआ। कंपनी ने अपने IPO के तहत कुल 47.09 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले उसे 1,827 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली। 32 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड पर, कुल बोली की रकम 58,470 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
गांधार ऑयल रिफाइनरी के आईपीओ को 64.07 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इसने 2.12 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके मुकाबले इसे 136.1 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली। 169 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर कुल बोली 23,000 करोड़ रुपये से अधिक होने की उम्मीद है।
फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज को 46.68 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी ने 1.44 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले इसे 67.28 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली। 304 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड पर बोली की कुल रकम 20,400 करोड़ रुपये से अधिक थी।
Fedbank Financial Services IPO
सब्सक्रिप्शन के मामले में टाटा टेक और इस हफ्ते खुले बाकी इश्यू के मुकाबले यह थोड़ा पीछे रहा। इसे कुल 2.2 गुना अधिक बोली मिली। कंपनी ने 5.6 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले में इसे 12.3 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली थी। 140 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड पर बोली की कुल रकम 1,720 करोड़ रुपये हो सकती है।