Five Star Business Finance का दूसरे दिन भी नहीं भर पाया IPO, अबतक सिर्फ 32% हुआ सब्सक्राइब, जानें GMP और बाकी डिटेल

Five Star Business Finance IPO: रिटेल निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों का अभी तक सिर्फ 6%, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने सिर्फ 2% सब्सक्राइब किया है

अपडेटेड Nov 10, 2022 पर 10:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Five Star Business Finance अपने IPO से कुल 1,960 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है

Five Star Business Finance IPO Subscription: नॉन-बैंकिंग फाइनेंस सेक्टर की कंपनी फाइवस्टार बिजनेस फाइनेंस का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) गुरुवार 10 नवंबर को बोली खुलने के दूसरे दिन भी नहीं भर पाया। कंपनी के IPO का अभी तक सिर्फ 32 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने IPO के तहत कुल 3.05 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में उसे अभी तक सिर्फ 97.8 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं। कंपनी को सबसे अधिक बोली क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की कैटेगरी में मिली है, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों का 1.01 गुना सब्सक्राइब किया है।

रिटेल निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों का अभी तक सिर्फ 6 फीसदी सब्सक्राइब किया है। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के कोटे में कंपनी को अभी तक सिर्फ 2 फीसदी बोली मिली है। Five Star kके IPO बुधवार 9 नवंबर को खुला था और निवेशक इसलिए शुक्रवार 11 नवंबर तक बोली लगा सकते हैं।

IPO से कुल 1,960 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी

Five Star Business Finance अपने IPO से कुल 1,960 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसका प्राइस बैंड 450-474 रुपये है। कंपनी का IPO पूरी तरफ से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है। इसका मतलब है कि इस IPO के तहत कंपनी ने कोई फ्रेश शेयर नहीं जारी किया है, बल्कि इसके प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों ने अपने हिस्से के शेयरों को बिक्री के लिए रखा है।


यह भी पढ़ें- Reliance Jio ने इन 2 शहरों में लॉन्च किया 'Jio True 5G', फ्री में मिलेगा 1Gbps स्पीड के साथ अनलिमिटेड डेटा

Five Star Business Finance ने एंकर बुक से जुटाए 588 करोड़ रुपए

फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस ने अपने आईपीओ से पहले 7 नवंबर, 2022 को एंकर बुक के जरिये 588 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने बीएसई फाइलिंग (BSE filing) में बताया कि उसने एंकर बुक में भाग लेने वाले 21 एंकर इनवेस्टर्स (anchor investors) को 1.24 करोड़ शेयरों के अलोकेशन को अंतिम रूप दे दिया है। ये शेयर 474 रुपये प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड पर जारी किए गए हैं।

Five Star Business Finance का क्या है GMP

फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस के शेयरों को लेकर ग्रे मार्केट में भी अधिक उत्साह नहीं दिख रहा है। बाजार के जानकारों के मुताबिक, कंपनी के शेयरों का गुरुवार को ग्रे मार्केट प्रीमियम (grey market premium) यानी GMP 9 रुपये था। हालांकि स्टॉक मार्केट के जानकारों का कहना है कि किसी भी आईपीओ के बारे में एक ठोस राय बनाने के लिए निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम को नहीं देखना चाहिए। असलियत में कंपनी की वित्तीय सेहत ही उसकी सही तस्वीर बताती है।

कंपनी के बारे में

1984 में शुरू हुई कंपनी माइक्रो आंत्रप्रेन्योर्स और सेल्फ एम्प्लॉयड इंडिविजुअल्स को सिक्योर्ड बिजनेस लोन देती है। इसकी जून, 2022 तक आठ राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 311 ब्रांच हैं। Five Star Business Finance ने वित्त वर्ष 22 में 19.49 फीसदी की ग्रोथ के साथ 1,256.16 करोड़ रुपये की कुल इनकम अर्जित की, जो वित्त वर्ष 21 में 1,051.25 करोड़ रुपये के स्तर पर थी। वहीं, इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 358.99 करोड़ रुपये से बढ़कर 453.54 करोड़ रुपये हो गया।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।