Five Star Business Finance IPO: नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी, फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आगामी 9 नवंबर को लॉन्च करेगी और यह 11 नवंबर को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए IPO 7 नवंबर को खुलेगा। फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस अपने शेयरों का अलॉटमेंट 16 नवंबर को करेगी। IPO में बोली लगाने वाले जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे 17 नवंबर तक खाते में वापस आ जाएंगे। वहीं जिन निवेशकों को शेयर मिलेंगे, उनके डीमैट खाते में शेयर 18 नवंबर से क्रेडिट होना शुरू होंगे। फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस के शेयर 21 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे।
IPO से 1,960 करोड़ जुटाएगी फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस
दक्षिण भारत में मजबूत उपस्थिति वाले फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस ने पहले अपने IPO से करीब 2,752 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई थी। हालांकि अब उसने अपने IPO का साइज घटाकर 1,960 करोड़ रुपये कर दिया है। यह ऑफर पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) होगा। इसका मतलब है कि कंपनी अपने IPO के तहत कोई नए शेयर नहीं जारी करेगी, बल्कि सभी शेयरों को कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरहोल्डरों की तरफ से बिक्री के लिए रखा जाएगा।
ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत, 166.74 करोड़ शेयर को SCI इनवेस्टमेंट-V, 719.41 करोड़ शेयर को मैट्रिक्स पार्टनर्स इंडिया इनवेस्टमेंट होल्डिंग्स-II, 12.09 करोड़ शेयर को मैट्रिक्स पार्टनर्स इंडिया इनवेस्टमेंट II एक्सटेंशन, 361.45 करोड़ शेयर को नारवेस्ट वेंचर्स पार्टनर्स X मॉरिशस और करीब 700.32 करोड़ शेयर को TPG एशिया VII-SF Pte लिमिटेड की तरफ से बिक्री के लिए रखा जाएगा।
निवेशकों के पास कंपनी की कुल इतनी हिस्सेदारी
फिलहाल TPG एशिया-VII SF के पास कंपनी की 21.52 फीसदी हिस्सेदारी, मैट्रिक्स पार्टनर्स इंडिया इनवेस्टमेंट होल्डिंग्स-II के पास कंपनी की 12.5 फीसदी हिस्सेदारी, नारवेस्ट वेंचर्स पार्टनर्स X मॉरिशस के पास कंपनी की 10.2 फीसदी हिस्सेदारी और SCI इनवेस्टमेंट-V के पास कंपनी की 8.81 फीसदी हिस्सेदारी है।
ICICI सिक्योरिटीज, इडलवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड, कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड और नोमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सिक्योरिटीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस IPO के लीड मैनेजर हैं।
Five Star Business Finance की स्थापना 1984 में हुई थी। यह माइक्रो-आंत्रप्रेन्योर्स और स्व-रोजगार करने वाले व्यक्तियों को सिक्योर्ड बिजनेस लोन मुहैया कराती है। 30 जून, 2022 तक की जानकारी के मुताबिक, इस NBFC कंपनी के पास 311 शाखाओं का एक मजबूत नेटवर्क है, जो करीब 8 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 150 जिलो में फैला हुआ है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में खासतौर से इसकी मजबूत उपस्थिति है।
Five Star Business Finance का जून तिमाही में रेवेन्यू बढ़कर 337.97 करोड़ रुपये रहा था, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 300.52 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का शुद्ध मुनाफा जून तिमाही में बढ़कर 139.43 करोड़ रुपये रहा था, जो एक साल पहले की इसी तिमाही में 101.57 करोड़ रुपये था। कंपनी का ग्रॉस टर्म लोन जून तिमाही में 5296.54 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 4577.51 करोड़ था। वहीं कंपनी का डिस्बर्समेंट जून तिमाही में 568.43 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की इसी तिमाही में 333.16 करोड़ था।