गैबियन टेक्नोलॉजीज का आईपीओ 6 जनवरी को खुलेगा। दिल्ली की इस कंपनी ने शेयरों के लिए 76-81 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी इस इश्यू के तहत 36 लाख शेयरों के जरिए 29.16 करोड़ रुपये जुटा रही है। इस आईपीओ में कंपनी सिर्फ नए शेयर जारी करेगी। आईपीओ में कोई ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) शामिल नहीं होगा।
8 जनवरी तक खुला रहेगा आईपीओ
Gabion Technologies India का आईपीओ 8 जनवरी तक खुला रहेगा। शेयरों का एलॉटमेंट 9 जनवरी को फाइनल हो जाने की उम्मीद है। बीएसई एसएमई के प्लेटफॉर्म पर इस शेयर में 13 जनवरी से ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी। कंपनी स्टील वायर्स और गैबियंस की मैन्युफैक्चरिंग करती है।
ग्रे मार्केट में शेयर पर चल रहा 30% प्रीमियम
ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों पर 30 फीसदी से ज्यादा प्रीमियम चल रहा है। इसका मतलब है कि इस आईपीओ में निवेश करने पर 30 फीसदी का लिस्टिंग गेंस हो सकता है। कंपनी की शुरुआत 2008 में हुई थी। मधुसूदन शारदा इसके प्रमोटर हैं। यह कंपनी गैबियंस, रॉकफेल प्रोटेक्शन नेटिंग्स और जियोसिंथेटिक मैटेरियल्स बनाती है। इनका इस्तेमाल इंजीनियरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और इनवायरमेंटल प्रोटेक्शन प्रोजेक्ट्स में होता है।
पहले 8 महीनों में 4.3 करोड़ रुपये प्रॉफिट
गैबियन आईपीओ से मिले पैसे में से 22.1 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट के लिए करेगी। 1.05 करोड़ रुपये का इस्तेमाल प्लांट और मशीनरी खरीदने के लिए करेगी। बाकी का इस्तेमाल सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए करेगी। कंपनी को नवंबर 2025 तक के इस वित्त वर्ष के पहले 8 महीनों में 60.4 करोड़ रुपये के रेवेन्यू पर 4.3 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है।
120 करोड़ रुपये रेवेन्यू का अनुमान
कंपनी को इस वित्त वर्ष में रेवेन्यू करीब 120 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। अक्तूबर 2025 में कंपनी के पास 84.62 करोड़ रुपये का सर्विस वर्क ऑर्डर था। कंपनी ने कहा है कि उसे सितंबर 2025 में सर्विस वर्क से 19.98 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। 45 करोड़ रुपये बाकी महीनों में मिलने की उम्मीद है। इससे कंपनी का कुल सर्विस रेवेन्यू 64.98 करोड़ तक पहुंच जाएगा।
गुड्स की सप्लाई से 55 करोड़ रेवेन्यू की उम्मीद
कंपनी के गुड्स डिवीजन ने सितंबर 2025 तक सप्लाई से 25.12 करोड़ रुपये हासिल किए थे। मार्च 2026 तक कंपनी को करीब 29.90 करोड़ रुपये हासिल होने की उम्मीद है। इससे गुड्स की सप्लाई से कंपनी का कुल रेवेन्यू 55.02 करोड़ रुपये पहुंच सकता है। इस आईपीओ का बुक रनिंग लीड मैनेजर जीवायआर कैपिटल एडवाइजर्स है।