गो फैशन आईपीओ (Go Fashion IPO) के शेयरों का अलॉटमेंट हो चुका है और सभी की निगाहें अब आईपीओ की लिस्टिंग पर टिकी हैं, जिसे 30 नवंबर 2021 को होने की उम्मीद है। हालांकि लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट से जो संकेत मिल रहे हैं, उसके मुताबिक, करीब 1013 करोड़ रुपये के इस आईपीओ की 30 नवंबर को मजबूत लिस्टिंग देखने को मिल सकती है।
मार्केट के जानकारों के मुताबिक, शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट के बावजूद ग्रे मार्केट में Go Fashion के शेयरों में तेजी आई है।
जानकारों का कहना है कि Go Fashion IPO का GMP आज 500 रुपये है। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को Go Fashion के शेयरों के 1190 रुपये (₹690 + ₹500) पर लिस्ट होने की उम्मीद है, जो आईपीओ के इश्यू प्राइस 655-690 रुपये से करीब 70 पर्सेंट अधिक है। इस तरह एक्सपर्ट Go Fashion IPO के करीब 70 पर्सेंट के प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद कर रहे हैं।
हालांकि स्टॉक मार्केट के जानकारों का कहना है कि किसी भी आईपीओ के बारे में एक ठोस राय बनाने के लिए निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम को नहीं देखना चाहिए। असलियत में कंपनी की वित्तीय सेहत ही उसकी सही तस्वीर बताती है।
महिलाओं के लिए बॉटम वियर बनाने वाली कंपनी गो फैशन के फंडामेंटल्स के बारे में बात करते हुए Findoc के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर नितिन शाही ने बताया, "Go Fashion महिलाओं की बॉटम-वियर इंडस्ट्री की सबसे प्रमुख कंपनियों में से एक है। कंपनी के पास देश भर में मल्टी-चैनल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क है और उसके पास एक अच्छा-खासा डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो है। इसके अलावा अच्छे वित्तीय प्रदर्शन को लेकर कंपनी का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा रहा है। महिलाओं का रिटेल बॉटम-वियर सेगमेंट एक तेजी से बढ़ता हुआ बाजार है।"