स्टॉक मार्केट में हाल में आए ग्लेनमार्क लाइफ साइंसेज और रोलेक्स रिंग्स के इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) की कमजोर लिस्टिंग से ट्रेडर्स को झटका लगा है। पिछले एक सप्ताह में ग्रे मार्केट में आगामी IPO के लिए प्रीमियम में भी कमी आई है। इसके पीछे मिड और स्मॉलकैप शेयर्स में बिकवाली और कुछ कंपनियों की लिस्टिंग अधिक प्रीमियम पर न होना प्रमुख कारण हैं।
ग्रे मार्केट जल्द लिस्ट होने वाली कंपनियों के शेयर्स में ट्रेडिंग के लिए अनऑफिशियल मार्केट होता है।
देवयानी इंटरनेशनल के पब्लिक ऑफर के लिए बिडिंग के तीसरे दिन तक ग्रे मार्केट में प्रीमियम बढ़कर 75 रुपये तक पहुंच गया था। हालांकि, इसके बाद बुधवार को शेयर अलॉटमेंट के दिन यह घटकर 45 रुपये रह गया। यही ट्रेंड पिछले सप्ताह आए अन्य IPO के लिए भी देखा जा रहा है।
कार्वी कैपिटल के कुंज बंसल ने CNBC-TV18 को बताया कि लार्ज कैप शेयर्स नए हाई लेवल बना रहे हैं लेकिन मिड और स्मॉल कैप शेयर्स में कमजोरी से इनवेस्टर्स की IPO में दिलचस्पी घटी है।
कारट्रेड टेक के लिए ग्रे मार्केट में प्रीमियम पिछले सप्ताह बढ़कर 700 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गया था लेकिन अब यह घटकर 190 रुपये हो गया है।
कुछ कंपनियों के पब्लिक ऑफर का साइज बहुत बड़ा होने और इनसे मौजूदा इनवेस्टर्स को बाहर निकलने या कर्ज चुकाने का जरिया खोजने के कारण भी इनवेस्टर्स बिड देने से बच रहे हैं। ऐसे IPO में कंपनी के बिजनेस को बढ़ाने के लिए फंड का इस्तेमाल नहीं होता और ये केवल प्रमोटर या इनवेस्टर्स के फायदे के लिए लाए जाते हैं।