गुजरात की एग्रोकेमिकल कंपनी GSP Crop Science का IPO 16 मार्च को खुलने जा रहा है। IPO की ओपनिंग से पहले कंपनी ने दो एंकर निवेशकों से 120 करोड़ रुपये जुटाए। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया है कि उसने एंकर निवेशकों को 37.5 लाख शेयर देने का फैसला किया है। मॉरीशस की कंपनी Craft Emerging Market Fund PCC एंकर बुक में सबसे बड़ी निवेशक रही। इसने दो निवेश माध्यमों- Citadel Market Fund और Elite Capital Fund के जरिए लगभग 25 लाख शेयर 80 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। शाइन स्टार बिल्ड अप दूसरी एंकर निवेशक है। इसने 12.5 लाख शेयर खरीदे हैं, जिनकी कीमत 40 करोड़ रुपये है।
GSP Crop Science एक एग्रोकेमिकल कंपनी है। यह कीटनाशक, खरपतवार नाशक, फफूंदी नाशक और पौधों के विकास को नियंत्रित करने वाले प्रोडक्ट बनाती है। कंपनी के पास एग्रोकेमिकल्स के फॉर्मूलेशंस और तकनीकी उत्पादों के लिए कुल 524 रजिस्ट्रेशन हैं। कंपनी को 102 पेटेंट मिल चुके हैं। 108 पेटेंट आवेदन अभी प्रक्रिया में हैं। कंपनी के प्रमोटर भावेश व्रजमोहन शाह, तीर्थ केनाल शाह, विलासबेन व्रजमोहन शाह, फाल्गुनी केनाल शाह, अल्फा ट्रस्ट और कप्पा ट्रस्ट हैं।
क्या है IPO का प्राइस बैंड
मेनबोर्ड सेगमेंट में 400 करोड़ रुपये का यह इश्यू 18 मार्च को बंद होगा। इश्यू में 240 करोड़ रुपये के 75 लाख नए शेयर जारी होंगे। साथ ही 160 करोड़ रुपये के 50 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहेगा। प्राइस बैंड ₹304-₹320 प्रति शेयर और लॉट साइज 46 शेयर है। क्लोजिंग के बाद अलॉटमेंट 20 मार्च को फाइनल होगा। कंपनी BSE, NSE पर 24 मार्च को लिस्ट होगी।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
GSP क्रॉप साइंस के पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी कर मिलने वाले पैसों में से 170 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज को चुकाने के लिए किया जाएगा। बाकी रकम का इस्तेमाल कंपनी के सामान्य कामकाज के लिए किया जाएगा। IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।
अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 847.61 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 81.07 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस बीच उधारी 321.13 करोड़ रुपये की थी। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 1,301.06 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 81.42 करोड़ रुपये रहा। GSP Crop Science के IPO के लिए Equirus Capital और Motilal Oswal Investment Advisors मर्चेंट बैंकर के तौर पर काम कर रहे हैं। MUFG Intime India Pvt.Ltd रजिस्ट्रार है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।