Harsha Engineers International IPO: हर्षा इंजीनियर्स इंटरनेशनल के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को लगातार दूसरे दिन निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। दूसरे दिन गुरुवार 15 सितंबर को बोली खत्म होने तक आईपीओ को कुल 10.35 गुना अधिक बोली मिली। हर्षा इंजीनियर्स ने अपने आईपीओ के तहत कुल 1.68 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में अभी तक उसे 17.45 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिल चुकी है।
नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) पहले दिन से ही इस इश्यू के लिए आक्रामक बोली लगा रहे हैं। NII ने दूसरे दिन अपने हिस्से के शेयरों को 24.91 गुना सब्सक्राइब किया। वहीं रिटेल निवेशकों ने अपने कोटे के शेयरों में 9.14 गुना बोली लगाई है।
कर्मचारियों के लिए आरक्षित शेयर अभी तक 6.34 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के कर्मचारियों के लिए 2.5 करोड़ शेयर रिजर्व हैं। कर्मचारियों को यह इश्यू फाइनल प्राइस से 31 रुपए कम दाम पर मिलेंगे। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने अपने हिस्से के शेयरों को 1.63 गुना सब्सक्राइब किया।
बता दें कि प्रीसिजन बेयरिंग्स केज बनाने वाली Harsha Engineers अपने IPO से 755 करोड़ रुपए जुटा रही है। इसमें 455 करोड़ रुपए के फ्रेश इश्यू और 300 करोड़ रुपए के शेयर ऑफर फॉर सेल में बेचे जाएंगे।
हर्षा इंजीनियर्स इंटरनेशनल के IPO का इश्यू प्राइस 314-330 रुपए तय हुआ है। ऑफर फॉर सेल (OFS) में राजेंद्र शाह 66.75 करोड़ रुपये, हरीश रंगवाला 75 करोड़ रुपये, पिलक शाह 16.50 करोड़ रुपये, चारुशिला रंगवाला 75 करोड़ रुपये और निर्मला शाह 66.75 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचने वाले हैं।
नए इश्यू से मिली रकम में 270 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने, 77.95 करोड़ रुपये मशीनरी खरीदने और 7.12 करोड़ रुपये इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी मरम्मत और मौजूदा फैसिलिटीज के रिनोवेशन और कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे।
अहमदाबाद की कंपनी का यह आईपीओ लाने का दूसरा प्रयास है। उसने अगस्त, 2018 में रेगुलेटर के पास ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। Axis Capital, Equirus Capital और JM Financial इश्यू के लिए लीड मैनेजर हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।