Harsha Engineers IPO : प्रिसीसन बियरिंग्स केग्स बनाने वाली कंपनी हर्ष इंजीनियर्स इंटरनेशनल लि. ने अपने आईपीओ के लिए 314-330 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। यह IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 14 सितंबर को खुलेगा। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वर्तमान में IPO के लिए ग्रे मार्केट (grey market premium) में 140-150 रुपये प्रति शेयर का प्रीमियम चल रहा है।
यह इश्यू 16 सितंबर को बंद हो जाएगा, 23 सितंबर को शेयर अलॉटीज के डीमैट अकाउंट में पहुंच जाएंगे।
इस IPO में 455 करोड़ रुपये के नए इश्यू और शेयरहोल्डर्स और प्रमोटर्स की तरफ से 300 करोड़ रुपये तक का ऑफर फॉर सेल शामिल है।
OFS के तहत, राजेंद्र शाह 66.75 करोड़ रुपये, हरीश रंगवाला 75 करोड़ रुपये, पिलक शाह 16.50 करोड़ रुपये, चारुशिला रंगवाला 75 करोड़ रुपये और निर्मला शाह 66.75 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचने पर विचार कर रहे हैं।
फंड का कैसे इस्तेमाल करेगी कंपनी
नए इश्यू से मिली रकम में 270 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने, 77.95 करोड़ रुपये मशीनरी खरीदने और 7.12 करोड़ रुपये इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी मरम्मत और मौजूदा फैसिलिटीज के रिनोवेशन और कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे।
अहमदाबाद की कंपनी का यह आईपीओ लाने का दूसरा प्रयास है। उसने अगस्त, 2018 में रेगुलेटर के पास ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे।
Axis Capital, Equirus Capital और JM Financial इश्यू के लिए लीड मैनेजर हैं।
राजेंद्र शाह और हरीश रंगवाला ने 1986 में हर्ष इंजीनियरिंग की स्थापना की थी। प्रमोटर्स के पास कंपनी की 99.7 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी ऑटोमोटिव, एविएशन और एयरोस्पेस, रेलवे, कंस्ट्रक्शन माइनिंग, रिन्युएबिल एनर्जी, एग्रीकल्चर और अन्य इंडस्ट्रियल सेक्टर्स में इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स की पेशकश करती है। कंपनी की गुजरात में तीन और चीन और रोमानिया में एक-एक सहित कुल पांच मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं।
कंपनी ने मार्च, 2022 में समाप्त वित्त वर्ष के दौरान 1,321.48 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 91.94 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया था। कंपनी के रेवेन्यू में बीते साल की तुलना में 45.44 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, इस दौरान उसका कर्ज 322.08 करोड़ रुपये से बढ़कर 356.59 करोड़ रुपये हो गया।
UnlistedArena.com के कोफाउंडर मनन दोशी ने कहा, कंपनी की टॉप लाइन और बॉटम लाइन ग्रोथ प्रभावशाली नजर आती है। पब्लिक ऑफर का प्राइस वित्त वर्ष 22 की अर्निंग्स पर 32.70 गुने पीई रेश्यो पर सही लगता है। हम इसके अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं।