ixigo IPO: ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म इक्सिगो की पैरेंट कंपनी ले ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी (Le Travenues Technology) के आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला। तीन दिन में यह 98 गुना से अधिक सब्सक्राइब हो गया। अब आज इसके शेयरों का अलॉटमेंट होने वाला है। अलॉटमेंट फाइनल होने के बाद इसे या तो बीएसई की वेबसाइट पर या रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम की वेबसाइट पर देख सकते हैं। ग्रे मार्केट में इसके शेयर आईपीओ के अपर प्राइस बैंड से 36 रुपये यानी 38.71 फीसदी की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर हैं। इससे शेयरों की मजबूत लिस्टिंग के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी की कारोबारी सेहत और लिस्टिंग के दिन मार्केट की परिस्थिति पर निर्भर रहेगा। शेयरों की BSE, NSE पर 18 जून को एंट्री होगी।
BSE की साइट पर ऐसे करें चेक
इश्यू टाइप 'Equity' चुनें। इश्यू नाम Le Travenues Technology (ixigo) चुनें।
एप्लीकेशन नंबर या पैन भरें।
फिर I'm not a robot पर क्लिक करें।
शेयरों का अलॉटमेंट स्टेटस स्कीन पर दिखने लगा कि कितने शेयर अलॉट हुए।
रजिस्ट्रार की साइट पर ऐसे करें स्टेटस चेक
सेलेक्ट कंपनी पर क्लिक करके Le Travenues Technology (ixigo) चुनें।
पैन, एप्लीकेशन नंबर, डीपी/क्लाइंट आईडी, अकाउंट नंबर/IFSC में से कोई भी चुनें। फिर जो विकल्प चुना है, उसके मुताबिक डिटेल्स दें। जैसे कि पैन चुना है तो पैन भरें।
शेयरों का अलॉटमेंट स्टेटस स्कीन पर दिखने लगा कि कितने शेयर अलॉट हुए।
ixigo IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
इक्सिगो के ₹740.10 करोड़ के आईपीओ में निवेशकों ने 88-93 रुपये के प्राइस बैंड और 161 शेयरों के लॉट में पैसे लगाए। इस इश्यू को हर कैटेगरी के निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला और ओवरऑल यह 98.10 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 106.73 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 110.25 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 53.95 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत 120 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 6,66,77,674 शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री होगी। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी क्लाउड इंफ्रा और टेक्नोलॉजी में निवेश, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, अधिग्रहण और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
Le Travenues Technology के बारे में
वर्ष 2006 में बनी ला ट्रैवेन्यूज टेक्नोलॉजी एक ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी है। इसके इक्सिगो ब्रांड नाम के प्लेटफॉर्म के जरिए ट्रेन, फ्लाईट, बस के टिकटों के अलावा होटल की भी बुकिंग होती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021 में इसे 7.53 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था। हालांकि अगले ही वित्त वर्ष 2022 में यह 21.09 करोड़ रुपये के शुद्ध घाटे में आ गई। फिर अगले वित्त वर्ष 2023 में इसकी वित्तीय सेहत सुधरी और इसे 23.40 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 93 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 517.57 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2023 में इसे 65.71 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 497.10 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ था।