भारत के पहले यूनिकॉर्न स्टार्टअप InMobi ने शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी बड़े पैमाने पर शुरू कर दी है। मनीकंट्रोल को इस मामले की जानकारी रखने वाले कई इंडस्ट्री सूत्रों ने बताया कि यह कंपनी 50 करोड़ डॉलर से ज्यादा का IPO ला सकती है। इसके लिए एडवाइजरी भूमिकाओं को लेकर स्टार्टअप ने हाल ही में 8 इनवेस्टमेंट बैंकों से संपर्क किया है।
सूत्रों का कहना है कि हाल ही में पिच कंप्लीट होने के बाद अब InMobi 8 इनवेस्टमेंट-बैंकों के साथ बातचीत के एडवांस्ड स्टेज में है। ये बैंक हैं- कोटक महिंद्रा कैपिटल, एक्सिस कैपिटल, जेफरीज, जेपी मॉर्गन, मोतीलाल ओसवाल, IIFL कैपिटल, BofA सिक्योरिटीज और UBS। अगर जरूरत हुई तो इस लिस्ट में और भी नाम जुड़ सकते हैं। फर्म 4 अरब डॉलर से लेकर 5 अरब डॉलर के बीच IPO वैल्यूएशन का लक्ष्य लेकर चल रही है। 2011 में इसे यूनिकॉर्न का दर्जा मिला था, यानि कि इसकी वैल्यूएशन ने 1 अरब डॉलर के आंकड़े को पार किया।
सिंगापुर से भारत में शिफ्ट हो रहा बेस
InMobi की लिस्टिंग योजनाओं से वाकिफ एक और व्यक्ति ने कहा कि एक प्री-IPO राउंड भी होगा। इसके अलावा कंपनी अपना बेस सिंगापुर से भारत में शिफ्ट भी कर रही है। इनवेस्टर सॉफ्टबैंक से बायबैक के बाद अब फाउंडर्स के पास मेजॉरिटी हिस्सेदारी है। आगे कहा कि यह डील के शुरुआती दिन हैं और फर्म के IPO को लेकर साइज और वैल्यूएशन अभी तक तय नहीं हुए हैं। मार्केट की स्थितियों के आधार पर इनमें बाद में बदलाव हो सकता है। सॉफ्टबैंक के अलावा, InMobi को शेरपालो वेंचर्स और क्लेनर पर्किंस जैसे इनवेस्टर्स का भी सपोर्ट है।
InMobi को 2007 में शुरू किया गया था। यह एक ग्लोबल कंज्यूमर टेक्नोलॉजी कंपनी है। यह इनोवेटिव कंज्यूमर-फोकस्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म और एंड-टू-एंड मोबाइल एडवरटाइजिंग सॉल्यूशंस के जरिए ग्रोथ को बढ़ावा देने के लिए AI का इस्तेमाल करती है। InMobi की लीडरशिप टीम की बात करें तो नवीन तिवारी फाउंडर और CEO हैं। अभय सिंघल InMobi के को-फाउंडर और InMobi एडवरटाइजिंग के CEO हैं। मोहित सक्सेना InMobi के को-फाउंडर और CTO हैं। वहीं पीयूष शाह InMobi के को-फाउंडर और Glance के प्रेसिडेंट हैं। सितंबर 2024 में InMobi ने MARS Growth Capital के साथ 10 करोड़ डॉलर का डेट फाइनेंसिंग एग्रीमेंट पूरा होने की घोषणा की थी। इसका मतलब है कि कंपनी ने शेयर बेचने के बजाय कर्ज लेकर 10 करोड़ डॉलर जुटाए।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।