Innovision का ₹323 करोड़ का IPO आज से खुला; जानें प्राइस बैंड, GMP और ब्रोकरेज की राय

Innovision IPO: मैनपावर और टोल मैनेजमेंट सेवाएं देने वाली कंपनी इनोविजन (Innovision) का आईपीओ आज 10 मार्च से निवेश के लिए खुल गया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब 323 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। यह आईपीओ निवेशकों के लिए 12 मार्च तक खुला रहेगा

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 9:48 AM
Story continues below Advertisement
Innovision IPO: कंपनी ने 521 रुपये से 548 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है

Innovision IPO: मैनपावर और टोल मैनेजमेंट सेवाएं देने वाली कंपनी इनोविजन (Innovision) का आईपीओ आज 10 मार्च से निवेश के लिए खुल गया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब 323 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। यह आईपीओ निवेशकों के लिए 12 मार्च तक खुला रहेगा।

प्राइस बैंड और इश्यू साइज

कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 521 रुपये से 548 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ का कुल साइज 323 करोड़ रुपये है, जिसमें 255 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 68 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है।

निवेशकों को कम से कम 27 शेयरों का एक लॉट खरीदना होगा। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग बीएसई और एनएसई दोनों एक्सचेंजों पर होने की संभावना है।


महत्वपूर्ण तारीखें

आईपीओ 12 मार्च को बंद होगा। इसके बाद शेयरों के आवंटन का आधार 13 मार्च को तय होने की उम्मीद है। सफल निवेशकों के डिमैट खातों में शेयर 16 मार्च तक क्रेडिट हो सकते हैं और कंपनी की संभावित लिस्टिंग 17 मार्च को हो सकती है।

ग्रे मार्केट में कमजोर संकेत

ग्रे मार्केट में फिलहाल इस आईपीओ को लेकर उत्साह सीमित दिखाई दे रहा है। Innovision के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) लगभग शून्य के आसपास बताया जा रहा है, जिससे संकेत मिलता है कि फिलहाल फ्लैट लिस्टिंग की उम्मीद की जा रही है। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कंपनी का अनुमानित प्री-आईपीओ मार्केट कैप लगभग 1,291 करोड़ रुपये होगा।

कंपनी का कारोबार

इनोविजन भारत में मैनपावर सेवाएं, टोल प्लाजा मैनेजमेंट और स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग देती है। कंपनी ने शुरुआत प्राइवेट सिक्योरिटी मुहैया कराने से की थी, लेकिन बाद में अपने कारोबार का विस्तार कर व्यापक मैनपावर समाधान और स्किल डेवलपमेंट सेवाएं शुरू कीं।

वित्त वर्ष 2014 से कंपनी ने स्किल डेवलपमेंट सेवाएं शुरू कीं, जबकि वित्त वर्ष 2019 से टोल मैनेजमेंट सेवाओं में भी प्रवेश किया। फिलहाल कंपनी देश के 23 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में काम कर रही है और विभिन्न उद्योगों व इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को आउटसोर्स्ड वर्कफोर्स और ऑपरेशनल सेवाएं उपलब्ध कराती है। कंपनी की आय मुख्य रूप से सर्विस कॉन्ट्रैक्ट्स और लंबी अवधि के ऑपरेशनल एग्रीमेंट्स से आती है।

वित्तीय प्रदर्शन

इनोविजन ने पिछले कुछ सालों में मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है। कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2023 में 258 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2024 में 512 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2025 में 896 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का शुद्ध लाभ भी बढ़ा है। वित्त वर्ष 2023 में 9 करोड़ रुपये का मुनाफा था, जो वित्त वर्ष 2024 में 10 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2025 में 29 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

हालांकि कंपनी के मार्जिन अभी भी सीमित हैं। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का EBITDA मार्जिन लगभग 5.78 प्रतिशत रहा। कंपनी का रिटर्न ऑन नेट वर्थ (RoNW) 35.45 प्रतिशत है।

जुटाई गई राश का इस्तेमाल

आईपीओ से प्राप्त होने वाली राशि का इस्तेमाल कंपनी अपने कुछ कर्ज चुकाने या प्री-पेमेंट करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

ब्रोकरेज की राय

ब्रोकरेज फर्म स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट ने इस आईपीओ से फिलहाल दूर रहने की सलाह दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी का RoNW भले ही 35.45 प्रतिशत है, लेकिन मौजूदा मूल्यांकन काफी ऊंचा है।

ब्रोकरेज के अनुसार 35.69 गुना के प्राइस-टू-अर्निंग अनुपात पर यह शेयर भविष्य की संभावित ग्रोथ को पहले से ही कीमत में शामिल कर चुका है। इसके अलावा कंपनी का कारोबार मैनपावर-आधारित और अपेक्षाकृत तेज कॉम्पिटीशन वाले सेक्टर्स में है, जहां मार्जिन सीमित रहते हैं।

कम EBITDA मार्जिन के कारण निवेशकों के लिए सुरक्षा का मार्जिन कम दिखाई देता है। ब्रोकरेज का मानना है कि मौजूदा मूल्यांकन पर यह आईपीओ तब तक मजबूत लॉन्ग-टर्म निवेश नहीं माना जा सकता जब तक कंपनी आने वाले समय में अपने मार्जिन में स्पष्ट सुधार नहीं दिखाती।

यह भी पढ़ें- Eastman Auto & Power समेत 3 और IPO लॉन्च होने को तैयार, SEBI से मिला ग्रीन सिग्नल

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।