Inox Green Energy IPO: विंड पावर के ऑपरेशन और मेंटीनेंस से जुड़ी सेवाएं मुहैया कराने वाली कंपनी आईनॉक्स ग्रीन एनर्जी सर्विसेज (Inox Green Energy Services) के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को मंगलवार 15 नवंबर को बोली के आखिरी दिन तक कुल 1.54 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन मिला। इसी के साथ आईनॉक्स ग्रीन एनर्जी का IPO अब बोली के लिए बंद हो गया है। स्टॉक एक्सचेंजों पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने अपने IPO के तहत कुल 6.67 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले में उसे कुल 10.28 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली है। रिटेल निवेशकों और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने इस IPO के लिए सबसे अधिक बढ़-चढ़कर बोली लगाई।
रिटेल निवेशकों ने अपने हिस्से के लिए आरक्षित शेयरों का करीब 4.70 गुना अधिक सब्सक्राइब किया है। वहीं क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने अपने हिस्से के शेयरों के लिए करीब 1.05 गुना अधिक बोली लगाई है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए आरक्षित कोटे में कंपनी को 47 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला है।
740 करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी
11 नवंबर को खुला था Inox Green Energy का IPO
कंपनी ने बताया कि फ्रेश शेयरों को जारी करने से मिली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और दूसरे कॉरपोरेट उद्देश्यों को पूरा करने में किया जाएगा। Inox Green Energy Services का IPO 11 नवंबर को खुला था और इसने 61 से 65 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया था।
Inox Green Energy Services IPO: अलॉटमेंट और लिस्टिग की तारीख
Inox Green Energy अब 18 नवंबर को अपने शेयरों का अलॉटमेंट करेगी। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिल पाएंगे, उनके खाते में 21 नवंबर तक पैसे वापस आ जाएंगे। वहीं बोली में सफल निवेशकों के डीमैट खाते में 22 नवंबर तक शेयर क्रेडिट हो जाएंगे। कंपनी के शेयर 23 नवंबर को बीएसई और एनएसई पर एक साथ लिस्ट हो सकते हैं।
Inox Green Energy Services IPO GMP Today
एनालिस्ट्स का कहना है कि अनलिस्टेड मार्केट में Inox Green के शेयर मंगलवार 15 नवंबर को 5-8 फीसदी के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी आईपीओ के बारे में एक ठोस राय बनाने के लिए निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम को नहीं देखना चाहिए। असलियत में कंपनी की वित्तीय सेहत ही उसकी सही तस्वीर बताती है।