Interarch Building Products IPO: टर्नकी प्री-इंजीनियर्ड स्टील कंस्ट्रक्शन सॉल्यूशंस में दिग्गज कंपनी इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स का पब्लिक इश्यू 19 अगस्त को खुल रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड 850-900 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। IPO 21 अगस्त को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए यह 16 अगस्त को ओपन होगा। IPO क्लोज होने के बाद शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 26 अगस्त को होगी।
Interarch Building Products IPO में 200 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही मौजूदा प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स की ओर से 44.48 लाख शेयरों तक का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS की वैल्यू IPO के अपर प्राइस बैंड पर लगभग 400 करोड़ रुपये रहेगी। IPO में नए शेयरों को जारी करके हासिल होने वाल इनकम का इस्तेमाल कंपनी पूंजीगत खर्चों, सिस्टम अपग्रेड्स, वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
प्रमोटर्स के पास 87.53% हिस्सेदारी
कंपनी प्री-इंजीनियर्ड स्टील बिल्डिंग्स के इंस्टॉलेशन और इरेक्शन के लिए डिजाइन, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और ऑन साइट प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के लिए इंटीग्रेटेड फैसिलिटीज की पेशकश करती है। इसके प्रमोटर अरविंद नंदा, गौतम सूरी, ईशान सूरी और विराज नंदा हैं। वर्तमान में प्रमोटर्स के पास कंपनी में 87.53 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
Interarch Building Products IPO का रिजर्व हिस्सा
IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स IPO के लिए एंबिट प्राइवेट लिमिटेड और एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। लिंक इनटाइम इंडिया, रजिस्ट्रार है।
Interarch Building Products की वित्तीय स्थिति
वित्त वर्ष 2023 में इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स ने ऑपरेशंस से रेवेन्यू में 34.6% की वृद्धि दर्ज की और यह 1,123.93 करोड़ रुपये रहा। इससे पहले के वर्ष में कंपनी ने 834.94 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया था। रेवेन्यू में यह वृद्धि प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्ट्स और प्रोडक्ट सेल्स से बढ़े हुए रेवेन्यू, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में विस्तारित बिक्री और मार्केटिंग प्रेजेंस और नए क्षेत्रों में डायवर्सिफिकेशन के कारण हुई। वित्त वर्ष 2023 में इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 375.54% बढ़कर 81.46 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2022 में यह 17.13 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।