International Gemmological Institute IPO: डायमंड्स और ज्वैलरी को सर्टिफिकेट देने वाले दुनिया के दूसरे सबसे बड़े स्वतंत्र एंटिटी इंटरनेशनल जेमोलॉजिटल इंस्टीट्यूट आईपीओ ला रही है। इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड फिक्स हो चुका है। 4,225.00 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के तहत ₹397-₹417 के प्राइस बैंड में पैसे लगा सकेंगे। सब्सक्रिप्शन के लिए यह इश्यू 13 दिसंबर को खुलेगा। एंकर निवेशकों के लिए यह 12 दिसंबर को खुलेगा। ग्रे मार्केट में बात करें तो इसके शेयर आईपीओ के अपर प्राइस बैंड से 105 रुपये यानी 25.18 फीसदी की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल के आधार पर ही निवेश का फैसला लेना चाहिए।
आईजीआई का ₹4,225.00 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 13-17 दिसंबर के बीच खुला रहेगा। इसके आईपीओ में ₹397-₹417 के प्राइस बैंड में पैसे लगा सकेंगे। इश्यू का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB), 15 फीसदी नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स और 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित रहेगा। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 18 दिसंबर को फाइनल होगा। फिर BSE और NSE पर 20 दिसंबर को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार केफिन टेक है।
इस आईपीओ के तहत 1,475.00 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। वहीं BCP Asia II TopCo ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले ₹2,750.00 के शेयरों की बिक्री होगी। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 1,324.46 करोड़ रुपये का इस्तेमाल आईजीआई बेल्जियम ग्रुप और आईजीआई नीजरलैंड्स ग्रुप को प्रमोटर्स से खरीदने में होगा। ये दोनों ग्रुप भारत के बाहर कंपनी के कारोबार को संभालते हैं। बाकी पैसों का इस्तेमाल आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
International Gemmological Institute की डिटेल्स
फरवरी 2019 में बनी इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट डायमंड्स, जेमस्टोन और ज्वैलरी को प्रमाणित करती है और उनकी ग्रेडिंग करती है। इसकी रिपोर्ट में स्टोन के रंग, कट, क्लैरिटी और कैरेट वेट इत्यादि की जानकारी रहती है। इसके अलावा यह जेम और ज्वैलरी से जुड़ी कोर्सेज भी मुहैया कराती है। इसके पास एक रिसर्च डिपार्टमेंट है। दुनिया भर में इसके 31 लैब हैं। इसके अलावा 18 जेमोलॉजी स्कूल्स हैं जिसमें हर साल हजारों स्टूडेंट्स ग्रेजुएट होते हैं। यह डायमंड्स और ज्वैलरी को प्रमाणित करने के मामले में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी स्वतंत्र एंटिटी है। यह इंडस्ट्री काफी हाई बैरियर वाली है यानी कि इसमें किसी और कंपनी की एंट्री काफी मुश्किल है।