एजुकेशन सेक्टर पर फोकस करने वाली नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC), अवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज (Avanse Financial Services) ने विभिन्न निवेशकों से 1,000 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई है। कंपनी ने यह फंडिंग ऐसे समय में जुटाई है, जब वह अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की तैयारियों में जुटी हैं। कंपनी ने मंगलवार 26 मार्च को जारी एक बयान में बताया कि इस फंडिंग राउंड में सबसे बड़ा निवेश, अबू धाबी स्थित विदेशी इनवेस्टमेंट फर्म, मुबाडाला इन्वेस्टमेंट कंपनी (Mubadala) ने किया।
कंपनी ने कहा कि वह इस राशि का इस्तेमाल तेजी से बढ़ते एजुकेशन फाइनेंस सेक्टर में अपने कारोबार को बढ़ाने में करेगी। साथ ही वह खासतौर से ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने और लगातार मुनाफे वाली ग्रोथ हासिल करने पर फोकस करेगी। कंपनी का दिसंबर 2023 तक एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 12,147 करोड़ रुपये था।
अवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज में वॉरबर्ग पिनकस और केदारा कैपिटल जैसे कई दिग्गजों का पहले से निवेश है। मनीकंट्रोल से इससे पहले 30 नवंबर को प्रकाशित एक रिपोर्ट में सबसे पहले बताया था कि कंपनी अपना IPO लाने से कई प्राइवेट इक्विटी फर्मों से एक 1,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की तैयारी में है।
Mubadala में एशिया और फाइनेंशियल सर्विसेज की हेड, लुका मोलिनारी ने कहा, "अवांसे भारतीय छात्रों की युवा पीढ़ियों को उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने में सक्षम बनाता रहेगा। हम वारबर्ग पिंकस, केदारा कैपिटल और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन जैसे संस्थानों के साथ-साथ अमित और अवांसे की मैनेजमेंट टीम के साथ साझेदारी करके रोमांचित हैं। हम कारोबार के विकास को और अधिक सक्षम बनाने के लिए तत्पर हैं।"
वारबर्ग पिंकस के मैनेजिंग डायरेक्टर और इंडिया हेड, नरेंद्र ओस्तवाल ने कहा, "अवांसे का लक्ष्य भारत में शिक्षा को और अधिक लोकतांत्रिक बनाना है। इस नजरिए के साथ यह भारत की प्रमुख एजुकेशन फाइनेंस कंपनियों में से एक में तब्दील हो गई है। धैर्यवान निवेशकों के रूप में, हम अवांसे को आगे बढ़ाने में अमित और उनकी टीम का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं हम मुबाडाला इन्वेस्टमेंट कंपनी के साथ सहयोग करके रोमांचित हैं क्योंकि अवांसे अपनी लंबी अवधि के उद्देश्यों को आगे बढ़ा रहा है।"