IPO Market: पिछले कुछ महीनों से घरेलू स्टॉक मार्केट में बिकवाली का भारी दबाव बना हुआ है। इसका असर सेकंडरी यानी लिस्टेड स्पेस ही नहीं बल्कि प्राइमरी यानी आईपीओ मार्केट में भी दिखा। इसके चलते मेनबोर्ड आईपीओ सेगमेंट यानी कि बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने वाले स्टॉक्स का सेगमेंट लगातार तीसरे महीने ठप पड़ा हुआ है। मेनबोर्ड सेगमेंट में बेयर्स पूरी तरह हावी हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि बेयर्स के चलते ही कंपनियां आईपीओ लाने में देरी कर रही हैं। इससे पहले मेनबोर्ड में आखिरी आईपीओ क्वालिटी पावर का था जो 18 फरवरी को बंद हुआ था। वहीं एसएमई सेगमेंट की बात करें तो इसमें थोड़ी चहल-पहल बनी हुई है। हालांकि ओवरऑल बात करें तो सब्सक्रिप्शन सुस्त पड़ा है यानी कि पहले की तुलना में अब निवेशक ताबड़तोड़ पैसे नहीं लगा रहे हैं।
SME सेगमेंट में भी छाई सुस्ती
लगातार तीसरे हफ्ते मेनबोर्ड आईपीओ सेगमेंट ठंडा पड़ा हुआ है। वहीं एसएमई सेगमेंट में चहल-पहल दिख रही है। इस हफ्ते की बात करें तो आज पीडीपी शिपिंग का 12.65 करोड़ रुपये का आईपीओ खुला है और सुपर आयरन फाउंड्री का 68.05 करोड़ रुपये का आईपीओ कल 11 मार्च को खुलेगा। वहीं अगले हफ्ते की बात करें तो पारादीप परिवहन का 44.86 करोड़ रुपये का आईपीओ और डिवाइन हीरा ज्वैलर्स का 31.84 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 मार्च को खुलेगा।
मार्केट की क्या है स्थिति?
स्टॉक मार्केट में पिछले कुछ महीनों से हाहाकार मचा हुआ है। विदेशी निवेशकों की बिकवाली, इकॉनमी की सुस्त रफ्तार और कंपनियों के कमजोर नतीजे से स्टॉक मार्केट को झटका लगा ही थी, अमेरिका में एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप की सरकार बनने के बाद टैरिफ वार शुरू हो गई, जिससे मार्केट बुरी तरह कांप गए। बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) रिकॉर्ड हाई से फिलहाल 14 फीसदी से अधिक नीचे हैं। पिछले साल 27 सितंबर को इंट्रा-डे में सेंसेक्स 86 हजार के काफी करीब 85,978.25 और निफ्टी भी 26300 के करीब 26,277.35 के रिकॉर्ड हाई तक पहुंचा था।