IPO मार्केट में FY25 में भी टूटेंगे कई रिकॉर्ड, अगले 2 महीनों में आएंगे 24 से ज्यादा कंपनियों के पब्लिक इश्यू

IPO in FY25: अगले दो महीनों में 24 से ज्यादा कंपनियां दलाल स्ट्रीट पर उतरने वाली हैं, जो 30000 करोड़ रुपए से ज्यादा जुटाने की कोशिश करेंगी। इस लिस्ट में Afcons इंफ्रास्ट्रक्चर, एमक्योर फ़ार्मास्युटिकल्स, एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स जैसी कंपनियां शामिल हैं

अपडेटेड Jun 13, 2024 पर 4:53 PM
वित्त वर्ष 2024-25 प्राइमरी मार्केट के लिए शानदार होने वाला है।

वित्त वर्ष 2024-25 प्राइमरी मार्केट के लिए शानदार होने वाला है। इस दौरान आईपीओ के जरिए पिछले साल के 60000 करोड़ रुपये के मुकाबले अधिक फंड जुटाए जाने की उम्मीद है। प्राइम डेटाबेस के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रणव हल्दिया ने यह बात कही है। हल्दिया ने कहा, "आईपीओ के लिए यह एक शानदार साल है और हम पिछले साल के आंकड़ों को सुरक्षित रूप से पार कर सकते हैं।" पिछले साल कई ऑफर साइज छोटे थे। इस साल वे औसतन लगभग 800 करोड़ रुपये प्रति इश्यू हैं। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव का प्राइमरी मार्केट पर बेहद कम प्रभाव पड़ा है, जो पिछले सालों के मुकाबले काफी अलग है।

अप्रैल और मई में सात IPO ने जुटाए 15000 करोड़

पिछले चार बार के लोकसभा चुनावों के दौरान कुल 28 आईपीओ ने लगभग 7500 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस साल, चुनाव से पहले और बाद में 52 आईपीओ से 50000 करोड़ रुपये जुटाए जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अप्रैल और मई में सात आईपीओ ने करीब 15000 करोड़ रुपये जुटाए, जो आम तौर पर चुनावों के कारण धीमे महीने होते हैं। हल्दिया ने मजबूत आईपीओ पाइपलाइन का श्रेय सेकेंडरी मार्केट में उछाल को दिया। उन्होंने कहा कि इंस्टीट्यूशनल और रिटेल डोमेस्टिक इनवेस्टर्स दोनों कैपिटल डालना जारी रखेंगे।


बाजार में तेजी से मिलेगा फायदा

वोलेटैलिटी के बावजूद हल्दिया आशावादी बने हुए हैं। उनका कहना है कि हाल ही में बाजार में आई तेजी प्राइमरी मार्केट के लिए अच्छी खबर है। उन्होंने कहा, "प्राइमरी मार्केट आमतौर पर वोलेटैलिटी के पक्ष में नहीं होते हैं, लेकिन बाजार में हाल ही में आई तेजी आगामी आईपीओ के लिए पॉजिटिव संकेत है।"

अगले दो महीनों में इन कंपनियों के आएंगे IPO

अगले दो महीनों में 24 से ज्यादा कंपनियां दलाल स्ट्रीट पर उतरने वाली हैं, जो 30000 करोड़ रुपए से ज्यादा जुटाने की कोशिश करेंगी। इस लिस्ट में Afcons इंफ्रास्ट्रक्चर, एमक्योर फ़ार्मास्युटिकल्स, एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स, आशीर्वाद माइक्रोफ़ाइनेंस, स्टेनली लाइफस्टाइल, वारी एनर्जीज़, प्रीमियर एनर्जीज़, शिवा फ़ार्माकेम, बंसल वायर इंडस्ट्रीज, वन मोबिक्विक सिस्टम्स और सीजे डार्कल लॉजिस्टिक्स जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।

SEBI ने 18 IPO की दी मंजूरी

मार्केट रेगुलेटर सेबी ने पहले ही 18 आईपीओ को मंजूरी दे दी है, जिनका लक्ष्य 20000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाना है। ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी Ixigo (ले ट्रैवेन्यूज) का ऑफर 10 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला, यह लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद इश्यू लॉन्च करने वाली पहली कंपनी है। यह आईपीओ पहले ही दिन पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।