यह प्राइमरी मार्केट के लिए काफी व्यस्तता वाला हफ्ता है। इसकी वजह यह है कि इस हफ्ते 11 आईपीओ बाजार में आ रहे हैं। इसके अलावा 10 कंपनियों के शेयरों की इस हफ्ते लिस्टिंग भी होनी है। इस हफ्ते कंपनियां आईपीओ से 900 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाएंगी। इसमें दो मेनबोर्ड के आईपीओ भी शामिल हैं, जिनसे कंपनियां 609.5 करोड़ रुपये जुटाएंगी।
आस्था स्पिनटेक्स का आईपीओ खुल चुका है
Aastha Spintex का आईपीओ 29 जून को खुल गया है। इसमें 1 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। यह दो मेनबोर्ड के आईपीओ में से एक है। यह कंपनी कॉटन यॉर्न बनाती है। कंपनी ने 125-136 रुपये का प्राइस बैंड रखा है। प्राइस बैंड के ऊपरी लेवल पर कंपनी इस आईपीओ से 170 करोड़ रुपये जुटाएगी। कंपनी आईपीओ में इनवेस्टर्स को नए शेयर इश्यू करेगी। इसका मतलब है कि इसमें ऑफर फॉर सेल शामिल नहीं होगा।
Knack Packaging का आईपीओ बुधवार को खुलेगा
Knack Packaging का आईपीओ 1 जुलाई को खुलेगा। इसमें 3 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। यह इश्यू 439.5 करोड़ रुपये का है। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए प्रति शेयर 161-170 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। इसमें कंपनी 380 करोड़ रुपये के नए शेयर इश्यू करेगी। ऑफर फॉर सेल के जरिए 35 लाख शेयर पुराने इनवेस्टर्स बेचेंगे। इसकी वैल्यू करीब 59.5 करोड़ रुपये होगी।
एसएमई सेगमेंट में दिख रहा ज्यादा हलचल
एसएमई सेगमेंट में ज्यादा एक्शन देखने को मिलेगा, क्योंकि कुल 9 एसएमई आईपीओ पेश कर रहे हैं। ये कंपनियां 300 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाएंगी। सबसे पहले आईपीओ पेश करने वाले एसएमई में Twinkle Papers और Adon Agro Commodities शामिल हैं। दोनों कंपनियों के आईपीओ 29 जून को खुल चुके हैं। Twinkle Papers ने प्रति शेयर 64-69 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर 27.5 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है।
ये कंपनियां भी आईपीओ से जुटा रही पैसे
Adon Agro Commoties का आईपीओ 44 करोड़ रुपये का है। कंपनी ने प्रति शेयर 66-70 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। 30 जून को कुल 6 आईपीओ खुल गए हैं। Teja Engineering Industries का इश्यू फिक्स्ड प्राइस इश्यू है। Kratikal Tech, Atharva Polyplast, Seemax Resources, Sampark india Logisitics और Vinit Mobile बुक-बिल्डिंग ऑफर्स के जरिए पैसे जुटा रही हैं। इन कंपनियों के आईपीओ 2 जुलाई को बंद हो जाएंगे।
30 जून को शेयर बाजारों पर दिखा दबाव
शेयर बाजारों में 30 जून को दबाव देखने को मिला। दोपहर बाद निफ्टी 0.05 फीसदी यानी 8 अंक गिरकर 23,938 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.08 फीसदी यानी 61 की कमजोरी के साथ 76,659 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी दबाव देखने को मिला।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।