IPOs Next Week: प्राइमरी मार्केट एक्टिविटीज में अगले सप्ताह तेजी रहने वाली है। इसकी वजह है कि 7 कंपनियां अपना IPO 30 अक्टूबर से शुरू हो रहे सप्ताह में लेकर आ रही हैं। इनमें मेनबोर्ड सेगमेंट और SME सेगमेंट, दोनों तरह के IPO शामिल हैं। इसके अलावा 4 ऐसे IPO में भी पैसा लगाने का मौका रहेगा, जो पहले से खुले हुए हैं। नए शुरू हो रहे सप्ताह में कुछ कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट भी होंगी। आइए जानते हैं कि नए सप्ताह में आने वाले IPO कौन से हैं और लिस्ट होने वाली कंपनियां कौन सी हैं...
मेनबोर्ड सेगमेंट में, कंज्यूमर-वेयर कंपनी सेलो वर्ल्ड 30 अक्टूबर से 1 नवंबर के दौरान अपना 1,900 करोड़ रुपये का IPO खोलेगी। इसका प्राइस बैंड 617-648 रुपये प्रति शेयर होगा। यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा। कंपनी का मकसद इस इश्यू से 1900 करोड़ रुपये जुटाना है। इसके अलावा Mamaearth की पेरेंट कंपनी Honasa Consumer का IPO 31 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। एंकर निवेशक 30 अक्टूबर से बोली लगा सकेंगे। IPO में 308-324 रुपये के प्राइस बैंड पर निवेश किया जा सकता है। यह इश्यू 2 नवंबर तक खुला रहेगा। Honasa Consumer ने प्राइमरी कैपिटल रेजिंग को 400 करोड़ रुपये से घटाकर 365 करोड़ रुपये कर दिया है। साथ ही सेकंडरी कंपोनेंट यानी OFS में भी अब कम शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे।
इस सेगमेंट में ट्रांसटील सीटिंग टेक्नोलॉजिज 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक 49.98 करोड़ रुपये का IPO लाएगी। इसके लिए प्राइस बैंड 67-70 रुपये प्रति शेयर होगा। वृंदावन प्लांटेशन का 15.29 करोड़ रुपये का IPO भी इसी अवधि के दौरान खुलेगा और प्राइस बैंड 108 रुपये प्रति शेयर होगा। मिश डिजाइंस का 9.76 करोड़ रुपये का इश्यू, बोली के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के दौरान खुलेगा। प्राइस बैंड 122 रुपये प्रति शेयर रहेगा। SAR टेलीवेंचर का इश्यू अगले महीने 1-3 नवंबर के दौरान खुलेगा। प्राइस बैंड 52-55 रुपये प्रति शेयर होगा। कंपनी की कोशिश 24.75 करोड़ रुपये जुटाने की होगी। Baba Food Processing का IPO 3 नवंबर को खुलेगा और 7 नवंबर को बंद होगा। यह 33 करोड़ रुपये का बुक बिल्ट इश्यू है। इसमें केवल फ्रेश शेयर जारी होंगे। प्राइस बैंड 72 से 76 रुपये प्रति शेयर रहेगा।
पहले से कौन से IPO और किन कंपनियों की लिस्टिंग
पहले से चल रहे IPO की बात करें तो पैरागॉन फाइन एंड स्पेशिएलिटी केमिकल्स का IPO 30 अक्टूबर को बंद होगा। वहीं शांथला एफएमसीजी प्रोडक्ट्स का IPO 31 अक्टूबर को, केके शाह हॉस्पिटल्स का 31 अक्टूबर को और मैत्रेय मेडिकेयर का IPO 1 नवंबर को बंद होंगे। लिस्टिंग के मोर्चे पर, फार्मा कंपनी ब्लू जेट हेल्थकेयर 1 नवंबर को डेब्यू कर सकती है। राजगोर कैस्टर डेरिवेटिव्स 31 अक्टूबर को एनएसई इमर्ज पर लिस्ट हो सकती है।