Jio Platforms लिस्ट होते ही बनी सेकेंड मोस्ट वैल्यूएबल फर्म, ₹12.6 लाख करोड़ मार्केट कैप के साथ टेलिकॉम कंपनियों में टॉप पर

Jio Platforms Share Price: बुधवार को अंबानी परिवार ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया में एक औपचारिक 'गोंग' बजाकर जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में एंट्री का जश्न मनाया। कंपनी का 30,213 करोड़ रुपये का IPO 22.19 गुना भरा था

अपडेटेड Oct 28, 2026 पर 11:46 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Jio की शानदार लिस्टिंग के साथ, रिलायंस इंडस्ट्रीज देश का मोस्ट वैल्यूएबल बिजनेस ग्रुप बन गया है।

जियो प्लेटफॉर्म्स लिस्ट होते ही देश की सेकेंड मोस्ट वैल्यूएबल फर्म बन गई है। कंपनी का मार्केट कैप 12.6 लाख करोड़ रुपये के पार चला गया है। इस मार्केट कैप के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद भारत की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। जियो के शेयर ने 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में 21.36 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 1358 रुपये पर शुरुआत की। IPO प्राइस 1119 रुपये प्रति शेयर था।

इस शानदार लिस्टिंग के साथ, रिलायंस इंडस्ट्रीज देश का मोस्ट वैल्यूएबल बिजनेस ग्रुप (कॉन्ग्लोमरेट) बन गया है। इसने टाटा ग्रुप को पीछे छोड़ दिया है। बता दें कि जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का IPO 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ था। खुलने के केवल 95 मिनट में यह फुली सब्सक्राइब हो गया था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 70.55 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 14 गुना, रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.72 गुना, एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व हिस्सा 2.93 गुना और शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 7.60 गुना भरा था।

जियो बनी मोस्ट वैल्यूएबल टेलिकॉम कंपनी


मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में जियो ने भारती एयरटेल को पीछे छोड़ दिया है और अब यह देश की सबसे मूल्यवान टेलिकॉम कंपनी बन गई है। बुधवार को अंबानी परिवार ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया में एक औपचारिक 'गोंग' (घंटी) बजाकर जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में एंट्री का जश्न मनाया।

Jio Share Price Live Updates

आकाश, ईशा और अनंत अंबानी ने जताया आभार

जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग के मौके पर आकाश, ईशा और अनंत अंबानी ने निवेशकों, ग्राहकों, टीम और उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने जियो में भरोसा दिखाया। अनंत अंबानी ने कहा कि उन लाखों लोगों का आभार, जिन्होंने जियो पर भरोसा किया और आज के इस दिन को मुमकिन बनाया। आज का यह दिन आप सभी का है। ईशा अंबानी ने कहा, 'इस साल, जियो ने लगभग 15.5 अरब डॉलर का रेवेन्यू कमाया और लगभग 8 अरब डॉलर की वास्तविक कमाई की। दुनिया भर में बहुत कम कंपनियों ने ऐसा किया है, और वह भी सिर्फ 10 सालों में। सभी निवेशकों को धन्यवाद कि आपने उस चीज पर भरोसा किया, जिसे हम मिलकर बना सकते हैं, और हमारे साथ इस सपने को आगे बढ़ाने का फैसला किया। हम आपके इस भरोसे को कृतज्ञता, विनम्रता और कर्तव्य की गहरी भावना के साथ स्वीकार करते हैं।' उन्होंने ग्राहकों को भी धन्यवाद कहा।

मिली 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की मांग

आकाश अंबानी ने कहा, "भारत और विदेश के उन सभी लोगों और संस्थागत निवेशकों के प्रति मेरा दिल कृतज्ञता से भरा है, जिन्होंने हमारे IPO को एक शानदार सफलता दिलाई। हमें मिली प्रतिक्रिया हमारी कल्पना से कहीं बढ़कर थी, जिसने निवेशकों की हर श्रेणी में रिकॉर्ड तोड़ दिए। भारत के सबसे बड़े IPO के लॉन्च होने के 95 मिनट के भीतर ही इसे पूरी तरह से सब्सक्राइब कर लिया गया। हमें कुल 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की मांग प्राप्त हुई, जो भारत में अब तक सबसे ज्यादा है। 1.3 करोड़ से अधिक भारतीयों ने अपनी पूंजी के साथ हम पर भरोसा जताया। यह भारत में अब तक सबसे बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदन हैं।"

आगे कहा कि जियो का निर्माण राष्ट्र की सेवा करने के लिए किया गया था। भारत को विश्व-स्तरीय डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऐसी सेवाओं की जरूरत थी, जो हर भारतीय के लिए किफायती हों। जियो ने इस जरूरत को पूरा किया है और हमेशा करता रहेगा। लेकिन आज एक नई शुरुआत हो रही है। आगे जियो को और बड़ा, बेहतर और भारत के लिए और अधिक सार्थक बनाना है। हमारा लक्ष्य एक ऐसा डिजिटल समाज बनाना है, जिसके केंद्र में हमारा प्लेटफॉर्म हो।

Disclaimer:मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।