JSW Cement के आईपीओ को फिलहाल नहीं मिलेगी SEBI की इजाजत, जानिए इसकी वजह

JSW Cement ने 4000 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए सेबी के पास अप्लिकेशन फाइल किया था। सूत्रों ने बताया है कि फिलहाल मार्केट रेगुलेटर ने इस आईपीओ के एप्रूवल प्रोसेस को रोक दिया है। इसका मतलब है कि आईपीओ के लिए जेएसडब्ल्यू सीमेंट को इंतजार करना पड़ेगा

अपडेटेड Sep 03, 2024 पर 4:56 PM
SEBI आईपीओ के एप्रूवल प्रोसेस को तब रोक देता है जब कंपनी या उसके प्रमोटर के खिलाफ कोई मामला लंबित होता है।

जेएसडब्ल्यू सीमेंट के 4,000 करोड़ रुपये के आईपीओ के रास्ते में एक अड़चन आ गई है। सेबी ने सज्जन जिंदल से जुड़े एक मामले की वजह से एप्रूवल प्रोसेस को रोक दिया है। मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी। सेबी नियमों के कथित उल्ल्घंन के एक मामले की जांच कर रहा है, जो हेक्सा सिक्योरिटीज एंड फाइनेंस कंपनी के इनवेस्टमेंट के ट्रांसफर से जुड़ा है। इस कंपनी में जेएसडब्ल्यू ग्रुप के चेयरमैन सज्जन जिंदल सहित जिंदल परिवार के सदस्य डायरेक्टर्स थे। लोगों ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी।

पुराने मामले के निपटारे के बाद आईपीओ को एप्रूवल

इस बारे में जानकारी देने वाले लोगों ने बताया कि जेएसडब्ल्यू सीमेंट (JSW Cement) के आईपीओ का एप्रूवल प्रोसेस तब तक रुका रह सकता है जब तक सज्जन जिंदल और जिंदल परिवार के दूसरे सदस्यों की तरफ से दाखिल किए गए सेटलमेंट अप्लिकेशन का सेबी निपटारा नहीं कर देता। यह अप्लिकेशन कारण बताओ नोटिस के जवाब में दाखिल किया गया है। एक व्यक्ति ने बताया कि JSW Cement अप्लिकेशन का निपटारा होने तक इंतजार कर सकती थी। उसके बाद वह आईपीओ के लिए सेबी के पास अप्लाई कर सकती थी या वह दोनों काम एक साथ कर सकती थी। लेकिन, उसने दूसरा विकल्प अपनाया।


इस वजह से एप्रूवल प्रोसेस रोक देता है सेबी

SEBI आईपीओ के एप्रूवल प्रोसेस को तब रोक देता है जब कंपनी या उसके प्रमोटर के खिलाफ कोई मामला लंबित होता है। मनीकंट्रोल इस बात की जांच नहीं कर सका है कि इनवेस्टमेंट का कथित ट्रांसफर हुआ था या नहीं। यह ट्रांसफर तब सेबी के रडार पर आ गया था जब हेक्सा सिक्योरिटीज की पेरेंट कंपनी हेक्सा ट्रेडेक्स (HTL) ने स्वैच्छिक डीलिस्टिंग के लिए अप्लिकेशन फाइल किया था। इसके बाद कुछ शेयरधारकों ने डीलिस्टिंग की शर्तों को लेकर सेबी में शिकायत की थी।

यह भी पढ़ें: Anil Agarwal ने एल्युमीनियम, जिंक और सिल्वर के लिए इंडस्ट्रियल पार्कों का ऐलान किया

मार्च में सज्जन जिंदल सहित कई लोगों को भेजा गया था शो कॉज नोटिस

इस बारे में जेएसडब्ल्यू के प्रवक्ता को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला। सेबी ने भी इस बारे में पूछे गए सवालों के जवाब नहीं दिए। सेबी की वेबसाइट पर बताई गई पॉलिसी के मुताबिक, मार्केट रेगुलेटर किसी आईपीओ के एप्रूवल प्रोसेस में देर की वजह नहीं बताता है। जेएसडब्ल्यू सीमेंट के ड्राफ्ट डॉक्युमेंट के मुताबिक, एक कारण बताओ नोटिस हेक्सा ट्रेडेक्स, उसके डायरेक्टर्स और सज्जन जिंदल को 18 मार्च, 2024 को जारी किया गया था। इनके अलावा जिंदल परिवार के दूसरे सदस्यों पृथ्वीराज जिंदल, नवीन जिंदल और रतन जिंदल को भी शो कॉज नोटिस भेजा गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।