Kahan Packaging IPO: कहन पैकेजिंग का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) SME सेगमेंट में सुपर-डुपर हिट साबित हुआ है। कंपनी को बोली के अंतिम दिन 8 सितंबर तक 690 गुना अधिक बोली मिली। यह किसी भी SME IPO को मिली अब तक की सबसे अधिक बोली है। पहले दिन से ही इस IPO को लेकर निवेशक टूट पड़े थे। कहन पैकेजिंग का IPO 6 सितंबर को खुला था। BSE पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने अपने IPO के तहत 7.2 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले में उसी 49.67 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बोलियां मिली थीं। इस तरह कंपनी का आईपीओ करीब 689.92 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
पैकेजिंग सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली इस कंपनी की योजना अपने IPO के तहत 5.76 करोड़ रुपये जुटाने की है। IPO में सबसे अधिक बोली रिटेल निवेशकों ने लगाई है। उन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों का करीब 1,044.8 गुना सब्सक्राइब किया है। वहीं हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल (HNIs) कैटेगरी में कंपनी को 416.2 गुना अधिक बोली मिली है।
मुबंई मुख्यालय वाली इस पूरी कंपनी का इश्यू साइज 7.2 लाख शेयरों का था। इसमें से उसने 40,000 इक्विटी शेयरों को मार्केट मेकर के लिए आरक्षित रखा था। वहीं बाकी 6.8 लाख शेयरों में से आधे शेयर रिटेल निवेशकों और बाकी आधे शेयर HNI के लिए आरक्षित रखा गया था।
कहन पैकेजिंग से पहले अबतक सबसे अधिक बोली पाने वाला IPO, ओलाटेक सॉल्यूशंस का था, जो 598.82 गुना अधिक सब्सक्राइब हुआ था। इसके बाद श्रीवारी स्पाइसेज एंड फूड्स (450 गुना) अरहम टेक्नोलॉजीज (450 गुना), एनलॉन टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस (428.62 गुना), एमसीओएन रसायन इंडिया (384.64 गुना), क्वालिटी फॉयल्स (364.38 गुना), बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो (358.6 गुना), बाहेती रीसाइक्लिंग इंडस्ट्रीज (347.53 गुना), एएमबीओ एग्रीटेक (336.75 गुना), कृष्णा स्ट्रैपिंग सॉल्यूशंस (336.57 गुना) और वीकेयम फैशन एंड अपैरल्स (301.47 गुना) इस लिस्ट में शामिल हैं।
Kahan Packaging ने अपने आईपीओ के लिए 80 रुपये प्रति शेयर का फिक्स भाव रखा था। कंपनी अपने शेयरों का अलॉटमेंट 13 सितंबर को करेगी। सफल निवेशकों के डीमैट खाते में 15 सितंबर तक शेयर क्रेडिट होंगे। वहीं जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेगा, उनके पैसे 14 सितंबर तक वापस उनके खाते में क्रेडिट कर दिए जाएंगे। लिस्टिंग 18 सितंबर को होगी।