Karamtara Engineering IPO: आईपीओ लाने की तैयारी में जुटी कंपनी, करमतारा इंजीनियरिंग ने हाल ही में कई निवेशकों ने 105.7 करोड़ रुपये की राशि जुटाई है। इन निवेशकों में कई बड़े फिल्मी सितारे और क्रिकेटर शामिल हैं। इनमें रणबीर कपूर, आमिर खान, करण जौहर से लेकर रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह तक का नाम शामिल है।
सोलर माउंटिंग स्ट्रक्चर और ट्रैकर कंपोनेंट्स बनाने वाली इस कंपनी ने जनवरी महीने में मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास अपने आईपीओ के लिए आवेदन जमा कराए थे। कंपनी ने बताया कि वह आईपीओ के जरिए करीब 1,750 रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है, जिसका इस्तेमाल वो अपने कर्ज के बोझ को कम करने में करेगी।
कंपनी को अपने प्रमोटर तनवीर सिंह और राजीव सिंह से क्रमशः 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को सूचना मिली है कि उन्होंने सेकेंडरी सेल के जरिए कई निवेशकों को कुल 34.09 लाख शेयर ट्रांसफर किए हैं। उन्होंने ये शेयर 310 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर बेचे। इस भाव पर, कंपनी इश्यू के बाद 10,411 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन की मांग करती है।
रणबीर कपूर, आमिर खान, करण यश जौहर, बिमल पारेख, जसप्रीत बुमराह और रोहित शर्मा सहित फिल्म और क्रिकेट जगत से जुड़े कई लोगों ने 25 अप्रैल को कंपनी में 30.03 करोड़ रुपये के 9,68,910 इक्विटी शेयर खरीदे।
इंडिया ऑपर्च्युनिटीज ग्रोथ फंड - पाइनवुड स्ट्रैटेजी ने भी 28 अप्रैल को कंपनी में 8.23 लाख शेयरों के बदले 25.51 करोड़ रुपये का निवेश किया। इस बीच, करमतारा इंजीनियरिंग ने भी इस साल 10 जनवरी को कई निवेशकों को इसी भाव पर प्रेफरेंशियल आधार पर 98.08 लाख शेयर आवंटित करके 307.17 करोड़ रुपये जुटाए थे।
इस प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट में जगदीश नरेश मास्टर, उत्पल हेमेन्द्र शेठ, सिंगुलैरिटी ग्रोथ ऑपर्च्युनिटीज फंड, गौरव त्रेहान, क्वांटम स्टेट इन्वेस्टमेंट फंड, अनंता कैपिटल वेंचर फंड, जयदेव रजनीकांत श्रॉफ, एक्सिया सेलेक्ट ऑपर्च्युनिटीज फंड, मिथुन पदम सचेती और सिद्धार्थ सचेती तथा MNI वेंचर्स जैसे प्रमुख नामों ने तरजीही आवंटन के जरिए कंपनी में निवेश किया था।
मुंबई मुख्यालय वाली करमतारा इंजीनियरिंग ने अपने आईपीओ डॉक्यूमेंट्स में बताया कि उसका आईपीओ साइज कुल 1,750 करोड़ रुपये होगा। इसमें 1,350 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं करीब 400 करोड़ रुपये के शेयर को कंपनी के प्रमोटरों- तनवीर सिंह और राजीव सिंह की ओर से बिक्री के लिए रखा जाएगा। कंपनी ने बताया कि नए शेयरों की बिक्री से मिली राशि में से 1,050 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने कर्ज चुकाने में करेगी।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।