Vertis Infra Trust IPO: KKR की वेर्टिस का ₹3000 करोड़ का आईपीओ, इस महीने के आखिरी तक फाइल होगा ड्राफ्ट

Vertis Infra Trust IPO: InvIT धड़ाधड़ फंड जुटाने की कोशिशों में लगी हुई हैं और ऐसे समय में वेर्टिस इंफ्रा ट्रस्ट का आईपीओ आने वाला है। इसके लिए आईपीओ का ड्राफ्ट इस महीने के आखिरी तक फाइल हो सकता है। जानिए वेर्टिस के पोर्टफोलियो में क्या-क्या है, आईपीओ को लेकर इसकी योजना क्या है और InvIT स्पेस में क्या हो रहा है

अपडेटेड May 04, 2026 पर 2:21 PM
Story continues below Advertisement
भारत में KKR का रोड प्लेटफॉर्म Vertis Infra Trust (पूर्व नाम Highways Infrastructure Trust) के तहत है।

Vertis Infra Trust IPO: प्राइवेट इक्विटी फर्म KKR का इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (InvIT) वेर्टिस इंफ्रा ट्रस्ट (Vertis Infrastructure Trust) आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। इस महीने के आखिरी तक यह आईपीओ के लिए ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल कर सकती है। मनीकंट्रोल को यह जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है। वेर्टिस के पास देश भर में टोल और एन्यूटी जेनेरेटिंग रोड प्रोजेक्ट्स का पोर्टफोलियो है और यह इसे ऑपरेट करती है। आईपीओ की बात करें तो सूत्रों के मुताबिक इसके तहत प्राइमरी और सेकंडरी शेयरों की बिक्री के जरिए ₹3 हजार करोड़ जुटाने की योजना की योजना है। हालांकि आईपीओ की साइज पर अभी कुछ फाइनल हुआ नहीं है और इसमें कटौती भी हो सकती है क्योंकि ट्रस्ट को अधिक प्राइमरी कैपिटल जुटाने की जरूरत नहीं है।

क्या है Vertis Infra के पोर्टफोलियो में?

भारत में केकेआर का रोड प्लेटफॉर्म वेर्टिस इंफ्रा ट्रस्ट (पूर्व नाम हाईवेज इंफ्रा ट्रस्ट) के तहत है। यह मुख्य रूप से बड़े पोर्टफोलियो अधिग्रहणों के जरिए बना है। KKR के एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर फंड ने वर्ष 2021 में ग्लोबल इंफ्रा पार्टनर्स से ऑपरेशनल टोल और एन्युटी रोड एसेट्स का पोर्टफोलियो खरीदकर इस प्लेटफॉर्म की शुरुआत की, जिससे इसकी पूरे भारत में तुरंत मौजूदगी हो गई। 2024–25 में इसने पीएनसी इंफ्राटेक (PNC Infratech) से करीब ₹9,000 करोड़ में लगभग 12 हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) प्रोजेक्ट्स का अधिग्रहण किया जो इसके लिए अब तक का सबसे बड़ा विस्तार रहा। यह InvIT अभी 9 राज्यों में फैले 28 रोड प्रोजेक्ट्स को ऑपरेट कर रही है, जिसकी कुल लंबाई 8,428 लेन-किमी है और टोटल वैल्यू लगभग ₹26,500 करोड़ है।


InvIT स्पेस में बढ़ रही फंड जुटाने की कोशिश

वेर्टिस ऐसे समय में लिस्टिंग की योजना बना रही है, जब InvIT स्पेस में फंड जुटाने की गतिविधियां तेज हैं। यह एक क्वासी-डेट प्रोडक्ट है जो निवेशकों को हाई, स्टेबल और लॉन्ग-टर्म यील्ड ऑफर करता है। इनविट्स को लेकर इंस्टीट्यूशनल और HNIs (हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स) निवेशकों की मांग मजबूत है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच स्टॉक मार्केट में काफी अनिश्चितता फैली हुई है और निवेशक अपने पोर्टफोलियो में इक्विटी के रिस्क को कम करना चाहते हैं।

मनीकंट्रोल ने 16 अप्रैल की अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया था कि इस साल 2026 में इनविट्स के जरिए 25 हजार करोड़ से अधिक फंड जुटाए जा सकते हैं जिसमें से कुछ आईपीओ हो सकते हैं। मार्च में NHAI ने अपने दो InvIT, राजमार्ग इंफ्रा इंवेस्टमेंट ट्रस्ट (Raajmarg Infra Investment Trust) और नेशनल हाईवेज इंफ्रा ट्रस्ट (National Highways Infrastructure Trust), के जरिए ₹9,000 करोड़ से अधिक जुटाए। राजमार्ग इंफ्रा इंवेस्टमेंट ट्रस्ट का ₹6,000 करोड़ का आईपीओ अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग के दौरान लॉन्च होने के बावजूद 13.74 गुना सब्सक्राइब हुआ था। अप्रैल महीने में EAAA India Alternatives की Citius Transnet Investment Trust ने अपने IPO के जरिए ₹1,105 करोड़ जुटाए, जिसे 20.43 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

कुछ और इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट मार्केट में आने की योजना बना रहे हैं। जैसे कि I-Squared Capital की स्पांसर वाली क्यूब हाईवेज ट्रस्ट (Cube Highways Trust) की योजना ₹5,000 करोड़ जुटाने की है तो ब्रुकफील्ड (Brookfield) की एल्टियस टेलीकॉम इंफ्रा ट्रस्ट (Altius Telecom Infrastructure Trust) प्री-IPO फंडिंग और पब्लिक ऑफर के जरिए लगभग ₹9,000 करोड़ जुटा सकती है।

ShareChat IPO: अगले 12-18 महीनों में लिस्ट हो सकती है शेयरचैट, FY26 में रेवेन्यू ₹1000 करोड़ रहने का अनुमान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।