मेनबोर्ड सेगमेंट में नैक पैकेजिंग का IPO 1 जुलाई को खुलने वाला है। कंपनी 439.50 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इस इश्यू में 380 करोड़ रुपये के 2.24 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही मौजूदा शेयरहोल्डर्स की ओर से 59.50 करोड़ रुपये के 35 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहेगा। IPO के लिए प्राइस बैंड 161-170 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 88 शेयर है। एंकर निवेशक 30 जून को बोली लगा सकेंगे। 3 जुलाई को IPO बंद होने के बाद अलॉटमेंट 6 जुलाई को फाइनल होगा। इसके बाद नैक पैकेजिंग की लिस्टिंग NSE और BSE पर 8 जुलाई को होने की उम्मीद है।
कंपनी इंटीग्रेटेड पैकेजिंग सॉल्यूशन देती है। यह कंपनी प्रिंटेड और लैमिनेटेड वुवन पॉलीप्रोपाइलीन (PLWPP) बैग बनाती है। इनमें पिंच बॉटम, गसेट, ब्लॉक बॉटम और रिटेल शॉपिंग बैग शामिल हैं। इन मजबूत बैग्स का इस्तेमाल कई इंडस्ट्रीज में होता है, जैसे कि फूड, पेट फूड, एग्रीकल्चर, फर्टिलाइजर, बिल्डिंग मैटीरियल, डिटर्जेंट, सीमेंट, केमिकल, मिनरल आदि।
नैक पैकेजिंग के प्रमोटर अल्पेश तुलसीभाई पटेल, प्रवीणकुमार अंबालाल पटेल, और रश्मिनभाई तुलसीभाई पटेल हैं। IPO के लिए सिस्टेमैटिक्स कॉर्पोरेट सर्विसेज लिमिटेड, IDBI कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज और पैंटोमैथ कैपिटल एडवाइजर्स बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
कंपनी अपने पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल नई मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। IPO में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 50 प्रतिशत हिस्सा, रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 35 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए 15 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है।
Knack Packaging की वित्तीय स्थिति
वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 13 प्रतिशत बढ़कर 843.77 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले यह 747.38 करोड़ रुपये थी। शुद्ध मुनाफा 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 92.72 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2025 में 73.81 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2026 में नैक पैकेजिंग पर 192.47 करोड़ रुपये की उधारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।