Mamaearth 12-15 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाना चाहती है। इसके बाद कंपनी IPO पेश करेगी। इससे कंपनी के कुछ निवेशकों को अपनी हिस्सेदारी बेचने का मौका मिलेगा। मामाअर्थ की पेरेंट कंपनी Honasa Consumer Private Ltd ने पूंजी जुटाने के बारे में कुछ बड़े इनवेस्टर्स से बातचीत की है। इनमें SoftBank, GIC (सिंगापुर के सॉवरेन वेल्थ फंड) और कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी शामिल हैं। मामाअर्थ अपनी 1.5 अरब डॉलर की वैल्यूएश पर यह पूंजी जुटाना चाहती है। मामाअर्थ मुनाफा कमाने वाली कंपनी है। सूत्रों ने बताया कि मामाअर्थ के फाउंडर्स वरूण और गजल अलघ कुछ निवेशकों को कंपनी के आईपीओ में अपनी हिस्सेदारी बेचने का मौका देना चाहते हैं। लेकिन, कुछ निवेशक आईपीओ से पहले अपनी हिस्सेदारी बेचना चाहते हैं।
मामाअर्थ में इन निवेशकों ने लगाए हैं पैसे
प्राइवेट इक्विटी डेटा प्रोवाइडर Tracxn के मुताबिक, मामाअर्थ के शुरुआती निवेशकों में Stellaris Venture Partners, Fireside Ventures, Suhail Sameer, Kunal Bahl और Rohit Bansal शामिल हैं। सुहैल समीर BharatPe के पूर्व एग्जिक्यूटिव हैं। कुणाल बहल का संबंध स्नैपडील से है। सूत्र ने बताया कि अभी फंड जुटाने की बातचीत शुरुआती अवस्था में है। इस बारे में पूछने पर मामाअर्थ ने कुछ बताने से इनकार कर दिया। सॉफ्टबैंक, फिडेलिटी, GIC और QIA को भेजे गए सवालों के जवाब नहीं मिले।
15 महीने में सॉफ्टबैंक का पहला निवेश हो सकता है
अगर यह डील हो जाती है और सॉफ्टबैंक मामाअर्थ का इनवेस्टर बन जाती है तो पिछले 15 महीनों में उसका इंडिया में यह पहला निवेश होगा। यह सॉफ्टबैंक का इंडिया में प्री-आईपीओ डील होगी, जो सॉफ्टबैंक कम ही करती है। सॉफ्टबैक आम तौर पर कंपनी में शुरुआत में या बाद के चरण में निवेश करती है।
इस साल लिस्ट होने वाली पहली यूनिकॉर्न बन सकती है मामाअर्थ
इस मामले से जुड़े एक दूसरे सूत्र ने बताया, "SoftBank फॉलो-ऑन राउंड्स में निवेश करती रही है। मामाअर्थ प्रॉफिट में है और यह मार्केट में अपनी पैठ बढ़ा रही है। इसके आईपीओ को अच्छी सफलता मिल सकती है, जो सॉफ्टबैंक के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है।" मामाअर्थ संभवत: इस साल स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होने वाली पहली वेंचर कैपिटल-फंडेड यूनिकॉर्न हो सकती है। पिछले साल Five Star Business Finance स्टॉक मार्केट में लिस्ट होने वाली आखिरी वेंचर कैपिटल-फंडेड कंपनी थी।
अगले कुछ हफ्तों में आईपीओ के लिए रोड शो शुरू होने की उम्मीद
इस महीने की शुरुआत में Mamaearth को आईपीओ के लिए SEBI की इजाजत मिली थी। सूत्रों ने बताया कि कंपनी अगले कुछ हफ्तों में आईपीओ के लिए रोड शो की शुरुआत कर सकती है। मामाअर्थ ने पिछले साल दिसंबर में सेबी के पास आईपीओ के लिए अप्लिकेशन भेजा था। कंपनी आईपीओ में 400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी, जबकि ओएफएस के तहत प्रमोटर्स और इनवेस्टर्स 4.68 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।