Mamaearth की पेरेंट कंपनी Honasa Consumer Private Limited 31 अक्टूबर को आईपीओ लाने का प्लान कर रही है। यह बात मनीकंट्रोल को सोर्सेज से पता चली है। कंपनी की ब्यूटी, बेबीकेयर और स्किनकेयर सेगमेंट में मौजूदगी है और यह साल 2022 की पहली यूनिकॉर्न थी। The Derma Co, BBlunt भी Honasa Consumer के ही ब्रांड हैं। Honasa Consumer को शेयर बाजारों में लिस्टिंग के लिए सेबी से इस साल अगस्त में मंजूरी मिली थी। कंपनी ने आईपीओ के लिए ड्राफ्ट पेपर दिसंबर 2022 में दाखिल किए थे। सोर्सेज के मुताबिक, Honasa Consumer के आईपीओ का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है और यह 31 अक्टूबर से लेकर 2 नवंबर तक खुला रहेगा।
एंकर निवेशक 30 अक्टूबर से बोली लगा सकेंगे। प्री-आईपीओ राउंड को लेकर अभी कोई योजना नहीं है। कहा जा रहा है कि कंपनी आईपीओ में नए शेयरों के इश्यू और ऑफर-फॉर-सेल को मिलाकर लगभग 1,700 करोड़ रुपये जुटाना चाहती थी। इसका लक्ष्य लगभग 10,500 करोड़ रुपये की अनुमानित वैल्यूएशन का है। कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल, सिटी और जेपी मॉर्गन आईपीओ पर काम करने वाले इन्वेस्टमेंट बैंक हैं। सिरिल अमरचंद मंगलदास, इंडसलॉ और खेतान एंड कंपनी, कानूनी सलाहकार हैं।
कौन-कौन घटाएगा हिस्सेदारी
DRHP (ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) के अनुसार, Honasa Consumer के जो शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी कम करेंगे, उनमें Alaghs, सोफिना वेंचर्स एसए, इवोल्वेंस, फायरसाइड वेंचर्स, स्टेलारिस वेंचर पार्टनर्स, स्नैपडील के फाउंडर कुणाल बहल, बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, ऋषभ हर्ष मारीवाला और रोहित कुमार बंसल शामिल हैं। सिकोइया कैपिटल OFS में भाग नहीं ले रही है।
जनवरी 2022 में बनी यूनिकॉर्न
Honasa Consumer को साल 2016 में पति-पत्नी वरुण और गजल अलघ ने शुरू किया था। जनवरी 2022 में नामी वेंचर कैपिटलिस्ट फर्म सिकोइया कैपिटल की अगुवाई में 1.2 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर 5.2 करोड़ डॉलर जुटाए जाने पर Honasa Consumer बन गई। Honasa Consumer ने कुछ अधिग्रहण भी किए, जिनके तहत सबसे पहले मॉम्सप्रेसो को खरीदा। इसके बाद इसने गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स से BBlunt और फिर स्किनकेयर ब्रांड Dr Sheth’s को खरीद लिया। IPO की शुद्ध आय का इस्तेमाल ब्रांड विजिबिलिटी बेहतर बनाने और जागरूकता को लेकर विज्ञापन खर्च, नए एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट स्थापित करने, नए सैलून्स के लिए BBlunt में निवेश, सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों और इनऑर्गेनिक ग्रोथ के लिए लिए किया जाएगा।
जून 2022 में रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि Honasa Consumer अपने आईपीओ के लिए 3 अरब डॉलर (22,000 करोड़ रुपये से अधिक) की वैल्यूएशन का लक्ष्य रख रही है। इस खबर से सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया और एनालिस्ट्स व बाजार विशेषज्ञों ने इतने ऊंचे आंकड़े पर सवाल उठाया। इसके चलते गजल अलघ को एक विस्तृत स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा था। उन्होंने कहा था कि जैसी कि स्टैंडर्ड प्रैक्टिस है, डीआरएचपी में वैल्यूएशन का कोई उल्लेख नहीं है। वैल्यूएशन डिस्कवरी एक प्रक्रिया है, जो समय के साथ घटित होगी क्योंकि हम इन्वेस्टर कम्युनिटी के साथ गहन बातचीत करेंगे। गजल ने कहा था कि उनकी ओर से वैल्यूएशन नंबर्स को कोट या सब्सक्राइब नहीं किया गया है, जिनका उल्लेख सोशल मीडिया पर विभिन्न पोस्टों में किया जा रहा है।