Vaibhav Jewellers: 3 अक्टूबर को कैसी रह सकती है मार्केट में एंट्री? ग्रे मार्केट में क्या चल रही कीमत

वैभव ज्वैलर्स की मौजूदगी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में है। 8 कस्बों और 2 शहरों में इसके 13 शोरूम हैं, जिनमें दो फ्रेंचाइजी शोरूम भी शामिल हैं। यह पूरी तरह से प्रमोटर्स के स्वामित्व वाली कंपनी है। कंपनी ने पब्लिक इश्यू से 270.20 करोड़ रुपये जुटाए हैं। हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल्स की इश्यू में ज्यादा दिलचस्पी देखने को मिली और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 5.18 गुना सब्सक्राइब हुआ

अपडेटेड Oct 02, 2023 पर 9:28 AM
वैभव ज्वैलर्स की मौजूदगी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में है।

मनोज वैभव जेम्स 'एन' ज्वैलर्स (Manoj Vaibhav Gems N Jewellers) की शेयर बाजार में लिस्टिंग 3 अक्टूबर को होने वाली है। अनुमान है कि इसकी लिस्टिंग थोड़ी फीकी रह सकती है। ऐसा IPO को उम्मीद के अनुसार रिस्पॉन्स न मिलने के चलते हो सकता है। कंपनी का IPO 22 से 26 सितंबर तक खुला था और यह 2.25 गुना सब्सक्राइब हुआ। हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल्स की इश्यू में ज्यादा दिलचस्पी देखने को मिली और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 5.18 गुना सब्सक्राइब हुआ। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.06 गुना और रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.66 गुना सब्सक्राइब हुआ।

IPO के लिए प्राइस बैंड 204-215 रुपये प्रति शेयर था और 210 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर रखे गए थे। साथ ही प्रमोटर ग्रांधी भरत मल्लिका रत्ना कुमारी (HUF) की ओर से 60.2 करोड़ रुपये कीमत वाले 28 लाख शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) था। कंपनी ने पब्लिक इश्यू से 270.20 करोड़ रुपये जुटाए हैं। StoxBox में रिसर्च एनालिस्ट ध्रुव मुदारद्दी का मानना है कि वैभव ज्वैलर्स की शेयर बाजार में ओपनिंग फ्लैट रह सकती है। हेम सिक्योरिटीज में सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन की भी यही राय है।

ग्रे मार्केट में क्या है भाव


वैभव जेम्स 'एन' ज्वैलर्स का शेयर ग्रे मार्केट में 3-5 प्रतिशत प्रीमियम पर उपलब्ध है। वैभव ज्वैलर्स की मौजूदगी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में है। 8 कस्बों और 2 शहरों में इसके 13 शोरूम हैं, जिनमें दो फ्रेंचाइजी शोरूम भी शामिल हैं। यह पूरी तरह से प्रमोटर्स के स्वामित्व वाली कंपनी है। IPO के तहत फ्रेश इक्विटी शेयरों से होने वाली आय का इस्तेमाल मुख्य रूप से वित्त वर्ष 2023-24 और वित्त वर्ष 2024-25 में प्रस्तावित 8 नए शोरूम की स्थापना के लिए किया जाएगा। इसके बाद फ्रेश इश्यू से आए बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

Upcoming IPO : आईपीओ मार्केट इस हफ्ते रहेगा गुलजार, जानिए किन कंपनियों के इश्यू क्लोज होंगे और किनकी होगी लिस्टिंग

T+3 की नई टाइमलाइन 

T+3 की नई टाइमलाइन (इश्यू क्लोजिंग डेट + थ्री वर्किंग डेज) में लिस्ट होने वाली वैभव ज्वैलर्स छठीं कंपनी है। इससे पहले रतनवीर प्रिसीशन इंजीनियरिंग, जैगल प्रीपेड ओशियन सर्विसेज, साम्ही होटल्स, साई सिल्क्स कला मंदिर और सिग्नेचर ग्लोबल भी नई टाइमलाइन में लिस्ट हो चुकी हैं। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने 1 सितंबर से IPO लॉन्च करने वाली कंपनियों को T+6 की पुरानी टाइमलाइन के बजाय T+3 टाइमलाइन में अपनी मर्जी से लिस्ट होने की छूट दी है। हालांकि 1 दिसंबर से खुलने वाले IPO के लिए इसे अनिवार्य बना दिया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।