Medanta IPO Day 1 : मेदांता नाम से अस्पतालों की चेन चलाने वाली कंपनी ग्लोबल हेल्थ (Global Health IPO) के आईपीओ को पहले दिन, 3 नवंबर को 19.15 लाख इक्विटी शेयरों के लिए बिड्स हासिल हुई हैं, जो 4.67 करोड़ रुपये शेयरों के इश्यू साइज की तुलना में 4 फीसदी हैं।
एक्सचेंज से मिले सब्सक्रिप्शन आंकड़ों के मुताबिक, रिटेल इनवेस्टर्स ने अपने कोटे की तुलना में 7 फीसदी शेयरों के लिए बिड जमा कीं, वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने अपने लिए रिजर्व कोटे के 4 फीसदी शेयरों के लिए बिड लगाई हैं। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने अभी तक इस ऑफर में भाग नहीं लिया है।
इससे पहले नवंबर को एंकर बुक के जरिये 661 करोड़ रुपये जुटाने के बाद कंपनी ने ऑफर साइज 6.56 करोड़ शेयरों से घटाकर 4.67 करोड़ शेयर कर दिया था। IPO 7 नवंबर को बंद हो जाएगा।
जाने-माने कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. नरेश त्रेहान की ग्लोबल हेल्थ के आईपीओ के तहत 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 1706 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत बिक्री होगी। शेयरों का अलॉटमेंट 11 नवंबर को फाइनल होगा और लिस्टिंग 16 नवंबर को है। इसका प्राइस बैंड 319-336 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
पूंजी का क्या होगा इस्तेमाल
नए इश्यू से मिली धनराशि का इस्तेमाल आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा। इश्यू से मिली तीन-चौथाई से ज्यादा रकम हिस्सेदारी बेचने वाले शेयरहोल्डर्स अनंद इनवेस्टमेंट्स और सुनील सचदेवा (संयुक्त रूप से सुमन सचदेवा के पास) को जाएगी।
2004 में स्थापित मेदांता उत्तरी और पूर्वी भारत में यह सबसे बड़ी निजी मल्टी स्पेशियलटी हॉस्पिटल में शुमार है। मेदांता ब्रांड के तहत गुरुग्राम, इंदौर, रांची, लखनऊ और पटना में पांच हॉस्पिटल्स हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही खास नहीं रही। अप्रैल-जून 2022 में कंपनी को 58.71 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ जबकि एक तिमाही पहले जनवरी-मार्च 2022 में इसे 196.2 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ था।