Medi Assist IPO: इश्यू खुलने से पहले Bessemer India, Investcorp ने घटाई हिस्सेदारी, बेचे 1.28 करोड़ से ज्यादा शेयर
Medi Assist IPO के लिए प्राइस बैंड 397-418 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस IPO में 2.8 करोड़ शेयर ऑफर किए जाएंगे। IPO में प्रमोटर्स और निवेशकों सहित कई मौजूदा शेयरधारकों की ओर से केवल ऑफर-फॉर-सेल (OFS) रहेगा। एंकर निवेशक 12 जनवरी को बोली लगा सकेंगे और इश्यू 17 जनवरी को क्लोज होगा। मेडी असिस्ट ने कहा कि बेसेमर और इनवेस्टकॉर्प ने कुल मिलाकर 1,28,21,426 इक्विटी शेयर बेचे हैं
मेडी असिस्ट, इंश्योरेंस कंपनियों को थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेशन सर्विसेज उपलब्ध कराती है।
Medi Assist IPO: मेडी असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेज का 1171.58 करोड़ रुपये का IPO 15 जनवरी से खुलने जा रहा है। इससे पहले प्रमोटर बेसेमर इंडिया कैपिटल होल्डिंग्स II (Bessemer India Capital Holdings II) और निवेशक इनवेस्टकॉर्प प्राइवेट इक्विटी फंड I (Investcorp Private Equity Fund I ) ने मेडी असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेज (Medi Assist Healthcare Services) में अपनी हिस्सेदारी कम कर दी। उन्होंने 10 जनवरी को कंपनी के 536 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। मेडी असिस्ट ने कहा कि बेसेमर और इनवेस्टकॉर्प ने कुल मिलाकर 1,28,21,426 इक्विटी शेयर बेचे हैं, जो कंपनी की प्री-ऑफर इक्विटी शेयर कैपिटल का 18.62 प्रतिशत है। प्रमोटर्स में से एक और कंपनी में सबसे बड़ी शेयरधारक बेसेमर इंडिया कैपिटल होल्डिंग्स II ने 41,86,500 इक्विटी शेयर बेचे हैं।
12 जनवरी को निवेशकों को दिए गए नोटिस के अनुसार यह बिक्री 418 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर की गई। बेसेमर इंडिया कैपिटल ने 10 जनवरी को 175 करोड़ रुपये वैल्यू के शेयरों को डेनमार्क-मुख्यालय वाले नोवो होल्डिंग्स ए/एस को ट्रांसफर किया है। नोवो, नॉर्डिस्क फाउंडेशन की संपत्ति का प्रबंधन करती है। शेयर बिक्री के बाद मेडी असिस्ट में बेसेमर इंडिया कैपिटल की शेयरहोल्डिंग घटकर 29.84 प्रतिशत (2,05,45,108 इक्विटी शेयर) रह गई है, जो पहले या रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल करने के समय 35.92 प्रतिशत (2,47,31,608) थी।
इनवेस्टकॉर्प ने कितनी हिस्सेदारी कम की
इसके अलावा इनवेस्टकॉर्प ने भी 10 जनवरी को मेडी असिस्ट में अपने 86,34,746 इक्विटी शेयर बेचे हैं। यह बिक्री भी 418 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर की गई और कुल 360.93 करोड़ रुपये की रही। अब मेडी असिस्ट में निवेशक इनवेस्टकॉर्प प्राइवेट इक्विटी फंड I की शेयरहोल्डिंग 21.65 प्रतिशत (1,49,10,452 शेयर) से घटकर 9.11 प्रतिशत (62,75,706 शेयर) रह गई है।
इनवेस्टकॉर्प ने 86,34,746 इक्विटी शेयरों को 5 निवेशकों को बेचा है, जिनके नाम हैं SBI लाइफ इंश्योरेंस कंपनी (हिस्सेदारी खरीदने के बाद 3.51 प्रतिशत हिस्सेदारी), अशोका इंडिया इक्विटी इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट पीएलसी (2.08 प्रतिशत), वोलराडो वेंचर पार्टनर्स फंड -III-बीटा (2.78 प्रतिशत), SBI जनरल इंश्योरेंस कंपनी (1.39 प्रतिशत), और 360 वन स्पेशल अपॉर्च्युनिटीज फंड (सीरीज 9 और सीरीज 10- 2.78 प्रतिशत एक साथ)।
मेडी असिस्ट इंश्योरेंस कंपनियों को थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेशन सर्विसेज उपलब्ध कराती है। इसके IPO के लिए प्राइस बैंड 397-418 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस IPO में 2.8 करोड़ शेयर ऑफर किए जाएंगे। एंकर निवेशक 12 जनवरी को बोली लगा सकेंगे और इश्यू 17 जनवरी को क्लोज होगा। मेडी असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेज IPO में प्रमोटर्स और निवेशकों सहित कई मौजूदा शेयरधारकों की ओर से केवल ऑफर-फॉर-सेल (OFS) रहेगा। इसलिए IPO खर्चों को छोड़कर, इश्यू से हुई पूरी आय शेयर बिक्री करने वाले शेयरधारकों के पास जाएगी।
प्रमोटर डॉ. विक्रम जीत सिंह छतवाल, मेडिमैटर हेल्थ मैनेजमेंट, और बेसेमर हेल्थ कैपिटल एलएलसी, निवेशक इनवेस्टकॉर्प प्राइवेट इक्विटी फंड I, IPO में शेयर बिक्री के लिए रखने वाले प्रमुख शेयरधारक हैं। इसके अलावा 9 और शेयरधारक IPO में 1.38 लाख शेयर बेचेंगे। डॉ. विक्रम जीत सिंह छतवाल और बेसेमर हेल्थ कैपिटल एलएलसी OFS के माध्यम से अपनी पूरी व्यक्तिगत शेयरहोल्डिंग बेचकर कंपनी से बाहर निकलेंगे। इनवेस्टकॉर्प 15-17 जनवरी के दौरान OFS में 62,75,706 इक्विटी शेयर बेचेगी। Medi Assist की शेयर बाजार में लिस्टिंग 22 जनवरी को हो सकती है।
रिजर्व हिस्से की डिटेल
कंपनी ने IPO का 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स/हाई नेटवर्थ इंडीविजुलअल्स के लिए के लिए और 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा है। इश्यू में बोली लगाने के लिए लॉट साइज 35 शेयरों का है। कंपनी अपनी 3 पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियों, मेडी असिस्ट टीपीए, मेडवांटेज टीपीए और रक्षा टीपीए के माध्यम से बीमा कंपनियों को थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेशन सर्विसेज प्रदान करती है।