Meesho एंप्लॉयीज की सैलरी के लिए ला रही आईपीओ? इतना होगा खर्च

Meesho IPO: मीशो की घरेलू स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग की तैयारी हो रही है और जल्द ही इसका इश्यू खुलने वाला है। इसकी GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) 35% चल रहा है। हालांकि कंपनी लगातार घाटे में चल रही है और आईपीओ के पैसों को कंपनी एंप्लॉयीज की सैलरी चुकाने में खर्च करेगी। इस इश्यू में बोली लगाने से पहले चेक करें कंपनी की पूरी डिटेल्स और आईपीओ के पैसे कैसे खर्च होंगे?

अपडेटेड Dec 03, 2025 पर 9:20 AM
Story continues below Advertisement
मीशो का ₹5,421 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 3-5 दिसंबर के बीच खुला रहेगा।

Meesho IPO: दिग्गज ई-कॉमर्स फर्म मीशो आईपीओ लाने की तैयारियों में जुटी है। इसके ₹5,421 करोड़ के आईपीओ के तहत ₹4,250 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। इन आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी एंप्लॉयीज की सैलरी चुकाने में भी करेगी, इस बात ने मार्केट का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। मीशो आईपीओ से जुटाए गए ₹480 करोड़ एआई, मशीन लर्निंग और कोर टेक्नोलॉजी टीम की सैलरी चुकाने में खर्च करेगी। इसके 2000 से अधिक स्थायी एंप्लॉयीज हैं। मीशो ने यह खर्च अपने टेक्नोलॉजी बेस को और मजबूत करने के व्यापक प्रयास के तहत रखा है।

Meesho IPO के बाकी पैसे कैसे होंगे खर्च?

मीशो का ₹5,421 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 3-5 दिसंबर के बीच खुला रहेगा। इसके आईपीओ में ₹105-₹111 के प्राइस बैंड और 135 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे। इश्यू का 75% हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB), 15% नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स और 10% खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित रहेगा। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 8 दिसंबर को फाइनल होगा। फिर BSE और NSE पर 10 दिसंबर को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार केफिन टेक है। इस आईपीओ के तहत ₹1,390.00 करोड़ मीशो की सब्सिडरी एमटीपीएल के क्लाउड इंफ्रा में निवेश, ₹480.00 करोड़ एमटीपीएल के एंप्लॉयीज की सैलरी पर, ₹1,020.00 करोड़ एमटीपीएल के मार्केटिंग और बाकी पैसे अधिग्रहण के जरिए इनऑर्गनिक ग्रोथ और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।


Meesho के बारे में

वर्ष 2015 में बनी मीशो एक मल्टी-साइडेड टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म ड्राइविंग ई-कॉमर्स है। यह कंज्यूमर्स, सेलर्स, लॉजिस्टिक्स पार्टनर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को जोड़ती है। कंज्यूमर्स को यह सस्ते भाव पर प्रोडक्ट्स का एक्सेस देती तो सेलर्स को भी अपना बिजनेस बढ़ाने के लिए सस्ता प्लेटफॉर्म मुहैया कराती है। इसका ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मीशो ब्रांड नाम से चलता है। यह ई-कॉमर्स सेगमेंट में तेजी से उभरती कंपनी है, जिसने बहुत कम समय में एमेजॉन (Amazon) और फ्लिपकार्ट (Flipkart) जैसे दिग्गजों को टक्कर देते हुए मार्केट में अपनी जगह बनाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले 12 महीनों (30 सितंबर तक) में Meesho भारत का सबसे बड़ा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म बनकर उभरा और इस पर सबसे ज्यादा ऑर्डर प्लेस हुए। वहीं इसका लॉजिस्टिक्स नेटवर्क वाल्मो (Valmo) के नाम से चलता है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1,671.90 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में फिसलकर ₹327.64 करोड़ पर आ गया लेकिन अगले ही वित्त वर्ष 2025 में घाटा ₹3,941.71 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना करीब 30% की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹9,900.90 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹700.72 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था और ₹5,857.69 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। कंपनी पर पिछले कुछ वित्त वर्षों से फिलहाल कोई कर्ज नहीं है।

Meesho IPO: ब्रोकरेज फर्म की राय

फंड्सइंडिया ने मीशो के आईपीओ में इनवेस्ट करने की सलाह दी है। उसने कहा है कि कंपनी की यूजर ग्रोथ अच्छी है। हालांकि, यह अब भी लॉस में है। प्लेस्ड ऑर्डर्स और एनुअल ट्रांजेक्टिंग यूजर्स के लिहाज से मीशो इंडिया का सबसे बड़ा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म है। टियर-2 और टियर-3 मार्केट्स में इसकी अच्छी पैठ है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि मीशो के जीरो कमीशन, एसेट-लाइट मार्केटप्लेस मॉडल का इसमें बड़ा हाथ है। इसे लॉजिस्टिक्स, एडवर्टाइजिंग और डेटा आधारित टूल्स से कमाई होती है।

Lenskart ने लिस्टिंग के बाद पहली बार पेश किया रिजल्ट, शेयर बने रॉकेट, 5% का तगड़ा उछाल

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।