नेशनल हाइवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) एक नए इंफ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (InvIT) का IPO ला रहा है। इस पब्लिक इश्यू को मैनेज करने के लिए NHAI ने 4 इनवेस्टमेंट बैंकों- SBI कैपिटल मार्केट्स, एक्सिस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज और मोतीलाल ओसवाल को अपॉइंट किया है। यह बात मनीकंट्रोल को सूत्रों से पता चली है। यह पहली बार है जब NHAI एसेट मोनेटाइजेशन के लिए रिटेल इनवेस्टर्स की ओर रुख कर रहा है।
सूत्रों ने बताया कि NHAI इस प्रस्तावित IPO के जरिए 8,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रहा है। इससे पहले PowerGrid InvIT IPO ने मई 2021 में 7,735 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह अब तक का सबसे बड़ा InvIT IPO बना हुआ है।
सूत्रों में से एक ने कहा, “NHAI इस प्रस्तावित IPO के लिए इनवेस्टमेंट बैंकों SBI कैपिटल मार्केट्स, एक्सिस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज और मोतीलाल ओसवाल के साथ काम कर रहा है। यह IPO अगले साल के मध्य या दूसरे हाफ तक मार्केट में आ सकता है।” यह NHAI का दूसरा InvIT होगा। NHAI पहले से एक प्राइवेट InvIT 'नेशनल हाइवेज इंफ्रा ट्रस्ट' (NHIT) ऑपरेट करता है। इसमें ग्लोबल इनवेस्टर्स CPP इनवेस्टमेंट्स और ओंटारियो टीचर्स पेंशन प्लान का भी निवेश है।
InvITs, टोल-ऑपरेट-ट्रांसफर रूट के साथ NHAI के लिए एक एसेट मोनेटाइजेशन का सफल तरीका बनकर उभरे हैं। इससे अथॉरिटी को नए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स डेवलप करने के लिए फंड जुटाने में मदद मिली है। InvIT IPO के जरिए NHAI को रिटेल इनवेस्टर्स सहित निवेशकों के एक व्यापक समूह तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
कुछ अन्य InvITs की बात करें तो वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट और क्यूब हाईवेज InvITs के भी IPO लाने की तैयारी है। इनसे लगभग 5000 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं। इस साल जनवरी में कैपिटल इंफ्रा ट्रस्ट और फरवरी 2024 में भारत हाईवेज InvIT का पब्लिक इश्यू आया था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।