NSE IPO: कुछ सरकारी बैंकों, इंश्योरेंस कंपनियों और लंबी अवधि के संस्थागत निवेशकों पर पैसे की बारिश होने वाली है। दरअसल, ये एनएसई के आईपीओ में अपने शेयर बेचने वाले हैं। इन्होंने बहुत कम कीमत पर एनएसई के शेयरों में निवेश किया था। कुछ ने तो प्रति शेयर एक रुपये से कम कीमत पर निवेश किया था। एनएसई ने 17 जून को आईपीओ के लिए सेबी के पास शुरुआती पेपर्स फाइल कर दिए हैं।
OFS के जरिए 23 शेयरहोल्डर्स बेचेंग शेयर
NSE का आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। इसके जरिए 23 शेयरहोल्डर्स अपने करीब 14.89 करोड़ शेयर बेचेंगे। ओएफएस का मतलब है कि इस इश्यू में एनएसई इनवेस्टर्स को नए शेयर एलॉट नहीं करेगा। इस वजह से आईपीओ से एनएसई को कोई पैसा नहीं मिलेगा। पूरा पैसा अपनी हिस्सेदारी बेचने वाले शेयरहोल्डर्स की जेब में जाएगा।
एसबीआई बेचेगा सबसे ज्यादा शेयर
एनएसई के ओएफएस में सबसे ज्यादा शेयर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) बेचेगा। उसका 2.475 करोड़ शेयर बेचने का प्लान है। इन शेयरों की एसबीआई की औसत खरीद कीमत सिर्फ 0.80 रुपये है। बैंक ऑफ बड़ौदा एनएसई के अपने 1.09 करोड़ तक शेयर बेचेगा। उसने ये शेयर औसत 0.54 रुपये के भाव पर लिए थे। स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया अपने 1.08 करोड़ शेयर बेचेगी। उसने ये शेयर औसत 0.46 रुपये प्रति शेयर की दर पर लिए थे।
सरकारी इंश्योरेंस कंपनियां भी बेचेंगी शेयर
कुछ सरकारी इंश्योरेंस कंपनियां भी एनएसई के ओएफएस में अपने शेयर बेचने वाली है। इनमें जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया शामिल है, जो अपने 1.06 करोड़ शेयर बेचेगी। उसने ये शेयर औसत 5.26 रुपये की कीमत पर लिए थे। न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी, नेशनल इंश्योरेंस कंपनी, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी और ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी ने एनएसई के शेयर प्रति शेयर 1 रुपये से कम भाव पर लिए थे। ये अपनी कुछ हिस्सेदारी ओएफएस में बेचने जा रहे हैं।
विदेशी संस्थागत निवेशकों को भी होगी मोटी कमाई
एनएसई के आईपीओ में हिस्सेदारी बेचने से कुछ विदेशी संस्थागत निवेशकों को भी मोटी कमाई होने जा रही है। मॉर्गन स्टेनली के निवेश वाली एमएस स्ट्रेटेजिक (मॉरीशस) एनएसई के अपने 1.6 करोड़ शेयर बेचेगी। उसने ये शेयर औसत 66.54 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिए थे। सिंगापुर सॉवरेन वेल्थ फंड से जुड़ा अरांडा इनवेस्टमेंट्स (मॉरीशस) 1.12 करोड़ शेयर बेचेगी। उसने ये शेयर प्रति शेयर 62.38 के भाव पर लिए थे।
अनलिस्टेड मार्केट में 2055 रुपये चल रही शेयर की कीमत
कुछ इंडिविजुअल शेयरहोल्डर्स भी एनएसई के ओएफएस में अपने शेयर बेचेंगे। इनमें अमित कुमार लोहिया, राजीव बोल्ला, शैक सामदानी बाशा और महेश गुप्ता शामिल हैं। अनलिस्टेड मार्केट में एनएसई के शेयर की कीमत प्रति शेयर 2,055 रुपये चल रही है। हालांकि, अभी एनएसई ने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड तय नहीं किया है। लेकिन, माना जा रहा है कि यह इश्यू 30,000 करोड़ रुपये का हो सकता है।