NSE IPO: एनएसई के आईपीओ से कई निवेशकों की लॉटरी लगने जा रही है। इनमें देश का सबसे बड़ा बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) भी शामिल है। अगर एनएसई के आईपीओ में एक शेयर की कीमत 2000 रुपये माना जाए तो एनएसई में एसबीआई का 1.98 करोड़ रुपये का निवेश करीब 4,950 करोड़ रुपये बन जाएगा। एसबीआई ने शायद ही निवेश के वक्त इतने जबर्दस्त रिटर्न का अंदाजा लगाया होगा।
SBI का 2.47 करोड़ शेयर बेचने का प्लान
NSE ने आईपीओ के लिए पेपर्स 17 जून को सेबी के पास फाइल कर दिए। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि करीब तीन दशक पहले एनएसई में निवेश करने वाले इनवेस्टर्स को आज कितना रिटर्न मिलने जा रहा है। एसबीआई का एनएसई के आईपीओ में अपने 2.475 करोड़ शेयर बेचने का प्लान है। देश के सबसे बैंक की इन शेयरों की औसत खरीद कीमत प्रति शेयर 0.80 रुपये है।
कई दूसरे इनवेस्टर्स की लगने जा रही लॉटरी
एसबीआई अगर प्रति शेयर 2000 रुपये के भाव पर शेयर बेचता है तो उसे करीब 4,950 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसका मतलब है कि उसे अपने निवेश पर करीब 4,948 करोड़ रुपये का रिटर्न मिल सकता है। एनएसई के शेयरों को बेचने से सिर्फ एसबीआई को ही बड़ा मुनाफा होने नहीं जा रहा। इस लिस्ट में कई दूसरे बड़े इनवेस्टर्स भी शामिल हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा का भी एनएसई में बड़ा निवेश
बैंक ऑफ बड़ौदा एनएसई के करीब 2,197 करोड़ रुपये के शेयर बेच सकता है। उसने इन शेयरों को औसत 0.54 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदा था। स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के पास एनएसई के 2.178 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर हैं। उसने इन शेयरों को प्रति शेयर 0.46 रुपये के भाव पर लिया था। इसका मतलब है कि उसने एनएसई के शेयरों में करीब 50 लाख रुपये का निवेश किया था।
दमानी, मुंजाल पर भी होगी पैसों की बारिश
एनएसई के शेयरों में कई दिग्गज इनवेस्टर्स और इंडस्ट्रियलिस्ट्स ने भी निवेश किए हैं। इनमें डीमार्ट के प्रमोटर राधाकिशन दमानी, हीरो ग्रुप के फाउंडर सुनील कांत मुंजाल, इंफोसिस के को-फाउंडर एस गोपालकृष्णन, डीमार्ट के पूर्व सीईओ और एमडी ग्नाटियस नविल नोरोन्हा और दिग्गज इनवेस्टर डॉली खन्ना शामिल हैं। दमानी की एनएसई में 1.58 फीसदी हिस्सेदारी है। इसकी वैल्यू करीब 7,817 करोड़ रुपये है। इसका मतलब है कि एनएसई के शेयर बेचने से उन्हें बड़ा मुनाफा होगा।
एनएसई का आईपीओ देश का सबसे बड़ा आईपीओ होगा
एनएसई का आईपीओ सिर्फ ऑफर फॉर सेल होगा। इसका मतलब है कि एनएसई इस आईपीओ में इनवेस्टर्स को नए शेयर इश्यू नहीं करेगा। सिर्फ मौजूदा शेयरहोल्डर्स अपने शेयर बेचेंगे। इस आईपीओ का इनवेस्टर्स को काफी समय से इंतजार रहा है। यह आईपीओ करीब 30,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। इससे यह देश का सबसे बड़ा आईपीओ होगा।