OLA Electric IPO आज से ओपन, रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा डेढ़ गुना भरा; ग्रे मार्केट में 17% प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा शेयर

OLA Electric IPO Details: ज्यादातर विश्लेषकों ने ओला इलेक्ट्रिक के आईपीओ को 'सब्सक्राइब' रेटिंग दी है। इसके पीछे तर्क यह है कि डॉमेस्टिक इलेक्ट्रिक टूव्हीलर में मार्केट लीडर होने के नाते ओला को इस क्षेत्र में किसी भी सकारात्मक विकास से लाभ होगा। IPO में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है

अपडेटेड Aug 02, 2024 पर 4:03 PM
IPO क्लोज होने के बाद Ola Electric शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 9 अगस्त को होगी।

OLA Electric IPO: इलेक्ट्रिक टूव्हीलर बनाने वाली ओला इलेक्ट्रिक का पब्लिक इश्यू आज यानि 2 अगस्त से खुल गया। इसमें 6 अगस्त तक पैसे लगाए जा सकेंगे। कंपनी 6,145.56 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। IPO से पहले यह एंकर इनवेस्टर्स से 2,763.03 करोड़ रुपये हासिल कर चुकी है। यह देश में किसी इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी का पहला IPO है। इश्यू ओपन होने से पहले से ही ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर ट्रेड करने लगे।

investorgain.com के मुताबिक, OLA Electric के शेयर ग्रे मार्केट में IPO के अपर प्राइस बैंड 76 रुपये से 13 रुपये या 17.11 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस ​आधार पर शेयरों की लिस्टिंग 89 रुपये के भाव पर हो सकती है।

पहले दिन शाम 4 बजे तक ओला इलेक्ट्रिक का IPO 0.34 गुना सब्सक्राइब हुआ। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा डेढ़ गुना सब्सक्राइब हो चुका है। नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 0.17 गुना भरा है, वहीं क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्से को अभी तक कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला है।


OLA Electric IPO का प्राइस बैंड और लॉट साइज

OLA Electric IPO के लिए प्राइस बैंड 72-76 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 195 शेयर है। कंपनी 5,500 करोड़ रुपये के 72.37 करोड़ नए शेयर जारी कर रही है। साथ ही 645.56 करोड़ रुपये के 8.49 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल भी है। ओएफएस में कंपनी के प्रमोटर भाविश अग्रवाल के साथ-साथ निवेशक सॉफ्टबैंक, टेमासेक, मैट्रिक्स पार्टनर्स इंडिया भी शेयरों को बिक्री के​ लिए रखेंगे। IPO क्लोज होने के बाद शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 9 अगस्त को होगी।

रिजर्व हिस्सा

OLA Electric IPO में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। IPO के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, बोफा सिक्योरिटीज इंडिया, एक्सिस कैपिटल, SBI कैपिटल मार्केट्स, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया, गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज, ICICI सिक्योरिटीज और बॉब कैपिटल मार्केट्स, बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार, लिंक इनटाइम इंडिया है।

ओला इलेक्ट्रिक IPO क्या करना चाहिए सब्सक्राइब

ज्यादातर विश्लेषकों ने ओला इलेक्ट्रिक के आईपीओ को 'सब्सक्राइब' रेटिंग दी है। इसके पीछे तर्क यह है कि डॉमेस्टिक इलेक्ट्रिक टूव्हीलर में मार्केट लीडर होने के नाते ओला को इस क्षेत्र में किसी भी सकारात्मक विकास से लाभ होगा। आनंद राठी के विश्लेषकों ने Ola Electric IPO को लेकर लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब रेटिंग दी है। उनका मानना ​​है कि ओला इलेक्ट्रिक ईवी स्पेस में सबसे तेजी से बढ़ने वाला सेगमेंट है। कंपनी की वैल्यूएशन काफी अच्छी है। कुंवरजी वेल्थ सॉल्यूशंस ने भी इश्यू को लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह दी है क्योंकि कंपनी पर कर्ज का बोझ धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। हेनसेक्स सिक्योरिटीज और एलकेपी सिक्योरिटीज की ओर से भी लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब करने का सुझाव है।

First Cry IPO: घाटे में हैं सचिन तेंदुलकर और उनकी पत्नी अंजलि, रतन टाटा कमाएंगे 5 गुना मुनाफा

Ola Electric की स्ट्रेंथ

- देश में इलेक्ट्रिल टू-व्हीलर का बाजार लगातार बढ़ रहा है और यह इस सेगमेंट की सबसे बड़ी कंपनी है। साथ ही यह एक प्योर इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी है।

- कंपनी को अपने फील्ड में अच्छा अनुभव है और इसका प्रोडक्ट भी डायवर्सिफाई है।

- साथ ही कंपनी के पास आधुनिक और बड़े मैन्युफैक्चिंग प्लांट है और इसने रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर भी काफी निवेश किया हुआ है।

Ola Electric की कमजोरी

- कंपनी कुछ कच्चे माल के लिए थर्ड पार्टी पर बहुत अधिक निर्भर है।

- वित्तीय आंकड़ों से पता चलता है कि कंपनी अभी भी घाटे में है और इसका कैपिटल एक्सपेंडिचर भी अभी जारी है।

Ola Electric के पास मौजूद मौके

- कंपनी अपने प्रोडक्ट में निवेश बढ़ा सकती है

- साथ ही यह इनोवेशन के जरिए स्वदेशीकरण को बढ़ावा दे सकती है

- कंपनी ऑफलाइन और ऑफलाइन दोनों मोर्चों पर अपने सभी D2C नेटवर्क को मजबूत कर सकती है। इसमें सेल्स, सर्विस और चार्जिंग आदि शामिल हैं।

- कंपनी नए ज्वाइंट वेंचर और रणनीतिक साझेदारियों के जरिए अपनी बिजनेस ग्रोथ को और तेज कर सकती हैखतरे

Ola Electric से जुड़े जोखिम

- कंपनी को इंडस्ट्री की दूसरी कंपनियों से कॉम्पिटीशन मिल रहा है। हालांकि इसका बिजनेस मॉडल अभी भी सबसे अलग है।

- कच्चे माल की कीमतों में अस्थिरता से इलेक्ट्रिक-व्हीकल की लागत महंगी हो सकती है, जो इसकी बिक्री पर असर डाल सकता है।

SME IPO मर्चेंट बैंकिंग फर्म पर कसा सेबी का शिकंजा, नियमों के उल्लंघन का आरोप

कंपनी की वित्तीय स्थिति

Ola Electric नए शेयर जारी कर हासिल होने वाली आय में से 1600 करोड़ रुपये का इस्तेमाल रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए करेगी। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का शुद्ध घाटा बढ़कर 1,584.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले यह 1,472.08 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष के दौरान रेवेन्यू बढ़कर 5,243.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो वित्त वर्ष 2023 में 2,782.70 करोड़ रुपये था।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।