OYO IPO: तैयारियों ने फिर पकड़ा जोर, 5 इनवेस्टमेंट बैंक जून में सॉफ्टबैंक के सामने रखेंगे प्लान

OYO IPO: इससे पहले खबर आई थी कि ओयो इस साल अगस्त और सितंबर के बीच आईपीओ के लिए फिर से डॉक्युमेंट जमा कर सकती है। जापानी समूह सॉफ्टबैंक, ओयो के सबसे बड़े शेयरहोल्डर्स में से एक है। इसलिए इस बैठक के काफी मायने हैं

अपडेटेड May 29, 2025 पर 5:12 PM
Story continues below Advertisement
5 बैंक, सॉफ्टबैंक के सुमेर जुनेजा के सामने OYO के IPO से जुड़ी रणनीति पेश करेंगे।

OYO IPO: ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी प्लेटफॉर्म ओयो ने नए सिरे से IPO की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ओयो की ओर से चुने गए 5 इनवेस्टमेंट बैंक के इस साल जून में कंपनी के प्रमुख शेयरहोल्डर सॉफ्टबैंक से मिलने वाले हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इन बैंकों में ICICI सिक्योरिटीज और एक्सिस कैपिटल के साथ-साथ सिटी बैंक, गोल्डमैन सैक्स और जेफरीज शामिल हैं।

जापानी समूह सॉफ्टबैंक, ओयो के सबसे बड़े शेयरहोल्डर्स में से एक है। इसलिए इस बैठक के काफी मायने हैं। पीटीआई को सूत्रों से पता चला है कि यह मीटिंग सॉफ्टबैंक के लंदन स्थित ग्रोसवेनर स्ट्रीट ऑफिस में होने वाली है। 5 बैंक, सॉफ्टबैंक के सुमेर जुनेजा के सामने ओयो के IPO से जुड़ी रणनीति पेश करेंगे। ओयो के फाउंडर रितेश अग्रवाल और उनकी सीनियर लीडरशिप टीम भी इसमें शामिल होगी।

इससे पहले खबर आई थी कि ओयो इस साल अगस्त और सितंबर के बीच IPO के लिए फिर से डॉक्युमेंट जमा कर सकती है।


अब तक 3 बार टल चुका है IPO

ओयो होटल्स अब तक 3 बार IPO का प्लान टाल चुकी है। कंपनी इस साल अक्टूबर में IPO लाने वाली थी। लेकिन खबर आई कि सॉफ्टबैंक ने IPO के प्रस्तावित वक्त पर आपत्ति जताई। साथ ही ओयो पर दबाव डाला है कि जब तक उसकी कमाई मजबूत नहीं हो जाती, तब तक वह IPO की पेशकश को रोके रखे। इसके बाद कंपनी ने IPO की योजना को टाल दिया। अब ओयो का लक्ष्य 7 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर मार्च 2026 तक लिस्ट होने का है।

OYO ने सबसे पहले सितंबर 2021 में 8430 करोड़ रुपये के IPO के लिए कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर फाइल किए थे। तत्कालीन अस्थिर बाजार स्थितियों के कारण, कोविड19 से पैदा हुए हालात को देखते हुए प्लान को टाल दिया। इसके बाद मार्च 2023 में कंपनी ने फिर से कोशिश की और कॉन्फिडेंशियल रूट से ड्राफ्ट जमा किया। मई 2024 में कंपनी ने दूसरी बार IPO का ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) वापस लेने के लिए सेबी के पास आवेदन किया। कंपनी ने कहा था कि बॉन्ड जारी होने के बाद वह DRHP के अपडेटेड वर्जन को फिर से फाइल करेगी।

Prostaram Info Systems IPO: प्रोस्टारम इन्फो सिस्टम्स का IPO तीसरे दिन 27 गुना हुआ सब्सक्राइब, NII ने 72 गुना लगाई बोली, जानिए लेटेस्ट GMP

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।