Pace Digitek IPO: बेंगलुरु की कंपनी पेस डिजिटेक अपना IPO ला रही है। इसके लिए कंपनी ने कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास ड्राफ्ट पेपर जमा कर दिए हैं। कंपनी पब्लिक इश्यू से 900 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। पेस डिजिटेक, पावर मैनेजमेंट, ऑप्टिक फाइबर बिछाने और एनर्जी मैनेजमेंट सॉल्यूशंस में सर्विस प्रोवाइड कराती है। यह टेलिकॉम टावर इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑप्टिकल फाइबर केबल में एंड-टू-एंड इंटीग्रेटेड सॉल्यूशंस की पेशकश करती है। साथ ही बिल्ड, ओन और ऑपरेट मॉडल पर सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स, टेलिकॉम टावर्स का सोलराइजेशन और EPC (इंजीनियरिंग, खरीद और कंस्ट्रक्शन) मॉडल के तहत रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन प्रोजेक्ट्स भी करती है।
पेस डिजिटेक के IPO में केवल नए शेयर रहेंगे, ऑफर फॉर सेल नहीं होगा। कंपनी प्री-IPO राउंड में 180 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने पर विचार कर सकती है। अगर यह प्री-IPO प्लेसमेंट आता है तो इतना ही अमाउंट IPO के साइज में से कम हो जाएगा।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
पेस डिजिटेक अपने IPO में से 630 करोड़ रुपये का इस्तेमाल महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (MSEDCL) की ओर से मिले एक प्रोजेक्ट के लिए बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) लगाने के लिए करेगी। बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। यूनिस्टोन कैपिटल को इस IPO के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर के तौर पर नियुक्त किया गया है।
पेस डिजिटेक की वित्तीय स्थिति
पेस डिजिटेक के रेवेन्यू में टेलिकॉम बिजनेस ने मैक्सिमम 94-95 प्रतिशत का योगदान दिया। वित्त वर्ष 2024 के लिए कंपनी का शुद्ध मुनाफा लगभग 14 गुना बढ़कर 229.9 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 16.5 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का रेवेन्यू लगभग 5 गुना बढ़कर 2,434.5 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2023 में 503.2 करोड़ रुपये था। अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान पेस डिजिटेक का मुनाफा 152 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 1,188.3 करोड़ रुपये रहा।