दुनिया की नामी शराब कंपनी पेरनोड रिकार्ड SA अपनी भारतीय यूनिट का IPO लेकर आ रही है। कंपनी ने इसके लिए कम से कम 4 इनवेस्टमेंट बैंकों को सलाहकार के तौर पर नियुक्त किया है। यह बात मनीकंट्रोल को मामले की जानकारी रखने वाले लोगों से पता चली है। कंपनी शिवस रीगल व्हिस्की, जेमसन आयरिश व्हिस्की और एब्सोल्यूट वोदका जैसे मशहूर ब्रांड्स की मालिक है। बिक्री के मामले में भारत पेरनोड रिकार्ड का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है।
भारत में कंपनी के पोर्टफोलियो में रॉयल स्टैग, Longitude 77, ब्लेंडर्स प्राइड, 100 पाइपर्स भी शामिल हैं। रॉयल स्टैग साल 2025 में दुनिया में सबसे ज्यादा बिकने वाली व्हिस्की रही। मनीकंट्रोल को सूत्रों से पता चला है, "यह प्रक्रिया का शुरुआती दौर है, लेकिन अभी के लिए पेरनोड रिकार्ड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने कोटक महिंद्रा कैपिटल, गोल्डमैन सैक्स, जेपी मॉर्गन और BofA सिक्योरिटीज को सलाहकार के तौर पर शामिल किया है। जरूरत पड़ने पर बाद में और बैंक भी जोड़े जा सकते हैं।"
जुटाया जा सकता है 1 अरब डॉलर से ज्यादा अमाउंट
यह भी कहा, "उम्मीद है कि यह एक बड़ा इश्यू होगा। इसके जरिए 2027 में 1 अरब डॉलर डॉलर से ज्यादा रकम जुटाने पर विचार किया जा सकता है।" IPO के साइज और स्ट्रक्चर पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। अगस्त में अपने भारतीय कारोबार के लिए IPO की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए पेरनोड रिकार्ड SA के CEO एलेक्जेंडर रिकार्ड ने पुष्टि की थी कि बोर्ड इस अवसर पर चर्चा जारी रखे हुए है।
रिकार्ड ने कहा था, "यह शेयरहोल्डर वैल्यू क्रिएशन के नजरिए से एक रणनीतिक मौके का सवाल है, और कंपनी इन स्थितियों में रणनीतिक वजहों और फायदे-नुकसान पर विचार कर रही है। इसका जवाब सीधे 'हां' या 'नहीं' में नहीं दिया जा सकता। यह विश्लेषण और चर्चा की एक स्पष्ट प्रक्रिया है। मैं पुष्टि कर सकता हूं कि चर्चा अभी भी चल रही है, और इस बीच हम भारत में IPO को लेकर लचीलापन बनाए रखने और अपने विकल्प खुले रखने के लिए कुछ कानूनी तैयारी वाले कदम उठा रहे हैं।"
कार्ल्सबर्ग भी ला रही है IPO
एक और ग्लोबल शराब कंपनी कार्ल्सबर्ग ने हाल ही में कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास गोपनीय तरीके से ड्राफ्ट पेपर जमा किए हैं। खबरों के मुताबिक, कंपनी 4 अरब डॉलर तक की वैल्यूएशन पर लगभग 70 लाख डॉलर जुटाने की योजना बना रही है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।