PN Gadgil Jewellers IPO: पुणे की ज्वैलरी रिटेलर पीएन गाडगिल ज्वैलर्स लिमिटेड अपना आईपीओ ला रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर SEBI (Securities and Exchange Board of India) को पेपर जमा कर दिए हैं। कंपनी का इरादा पब्लिक इश्यू से 1,100 करोड़ रुपये जुटाने का है। डॉक्युमेंट्स के अनुसार, पीएन गाडगिल ज्वैलर्स के प्रस्तावित आईपीओ में 850 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही प्रमोटर एसवीजी बिजनेस ट्रस्ट की ओर से 250 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा।
फिलहाल, पी एन गाडगिल ज्वैलर्स में एसवीजी बिजनेस ट्रस्ट की 99.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है। आईपीओ में नए शेयरों को जारी करके हासिल 850 करोड़ रुपये में से 387 करोड़ रुपये वित्त वर्ष 2026 तक महाराष्ट्र में 12 नए स्टोर खोलने, 300 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने के लिए और बाकी के पैसे सामान्य कंपनी कामकाज पर खर्च किए जाएंगे। पिछले सप्ताह दाखिल डॉक्युमेंट्स के अनुसार, कंपनी पर 29 फरवरी 2024 तक 377.45 करोड़ रुपये का कर्ज था।
वर्तमान में PN Gadgil Jewellers के स्टोर
IPO के लिए Motilal Oswal Investment Advisors, Nuvama Wealth Management और BOB Capital Markets मर्चेंट बैंकर हैं। PN Gadgil के दिसंबर 2023 तक महाराष्ट्र और गोवा में 33 स्टोर थे। कंपनी का एक स्टोर अमेरिका में है। 33 में से 23 स्टोर्स को कंपनी ऑपरेट और मैनेज करती है। बाकी 10 फ्रेंचाइजी स्टोर हैं।
PN Gadgil Jewellers का वित्त वर्ष 2023 में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 34.8 प्रतिशत बढ़कर 93.7 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान रेवेन्यू सालाना आधार पर 76.4 प्रतिशत बढ़कर 4,507.5 करोड़ रुपये और EBITDA (earnings before interest, tax, depreciation and amortisation) 10.3 प्रतिशत बढ़कर 122.7 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। अप्रैल-सितंबर 2023 के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 43.75 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 2,627.8 रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।