मेनबोर्ड सेगमेंट में 380 करोड़ रुपये का PNGS रेवा डायमंड ज्वेलरी IPO 24 फरवरी को खुलने जा रहा है। यह 26 फरवरी को बंद होगा। इसके लिए प्राइस बैंड 367-386 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। लॉट साइज 32 शेयर है। IPO में 98 लाख नए शेयर जारी होंगे। ऑफर फॉर सेल नहीं रहेगा। इश्यू की क्लोजिंग के बाद अलॉटमेंट 27 फरवरी को फाइनल होने की उम्मीद है। कंपनी की लिस्टिंग BSE, NSE पर 4 मार्च को होने वाली है। इस इश्यू में एंकर निवेशक 23 फरवरी को बोली लगा सकेंगे।
PNGS रेवा डायमंड ज्वेलरी, P N Gadgil & Sons का डायमंड बिजनेस है। कंपनी ने IPO के लिए ड्राफ्ट जून 2025 में SEBI के पास जमा किया था। इसे अक्टूबर 2025 में मंजूरी मिली। PNGS रेवा डायमंड ज्वेलरी सोने और प्लेटिनम में जड़े हीरे और कीमती व सेमी-कीमती पत्थरों से बनी अलग-अलग तरह की ज्वेलरी की पेशकश करती है। सभी प्रोडक्ट "रेवा" ब्रांड नेम के तहत मिलते हैं।
कंपनी अलग-अलग कस्टमर सेगमेंट और मौकों के लिए अंगूठी, इयररिंग्स, नेकलेस, पेंडेंट, सॉलिटेयर, चूड़ियां, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, नोज रिंग और चेन जैसे कई तरह के प्रोडक्ट्स की पेशकश करती है। 30 सितंबर, 2025 तक इसके पास 13 अलग-अलग ज्वेलरी कलेक्शन थे। कंपनी के महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक राज्यों के 25 शहरों में स्टोर हैं।
इस पब्लिक इश्यू में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व है। वहीं 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। 38.6 लाख शेयर कंपनी के एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व हैं। पब्लिक इश्यू से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल 15 नए स्टोर खोलने के लिए, इन स्टोर्स को लेकर मार्केटिंग और प्रमोशनल खर्चों के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। ग्रे मार्केट में इस वक्त PNGS Reva Diamond Jewellery के शेयर IPO के अपर प्राइस बैंड 386 रुपये से 5.18 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं।
PNGS Reva Diamond Jewellery की वित्तीय सेहत
अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 157.12 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 20.13 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस बीच कंपनी पर 130.25 करोड़ रुपये की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 259.11 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले यह 196.24 करोड़ रुपये थी। शुद्ध मुनाफा 59.47 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024 में यह 42.41 करोड़ रुपये था। IPO के लिए स्मार्ट होराइजन कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार, बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।