Popular Foundations IPO Listings: पॉपुलर फाउंडेशन के शेयरों की लिस्टिंग ने निवेशकों को निराश किया। कंपनी के शेयर मंगलवार 24 सितंबर को BSE SME प्लेटफॉर्म पर अपने 37 रुपये के भाव पर सपाट लिस्ट हुए। इसके बाद निवेशकों में इसके शेयर बेचने की होड़ दिखी। इसके चलते लिस्टिंग के तुरंत बाद ही इसका भाव 5% लुढ़क गया और इसने अपनी लोअर सर्किट सीमा को छू लिया। सुबह 10.14 बजे के करीब, कंपनी के शेयर 5 फीसदी की गिरावट के साथ 35.15 रुपये के भाप पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह इसके IPO निवेशक पहले दिन करीब 5% के घाटे पर बैठे हुए हैं।
पॉपुलर फाउंडेशन का IPO 13 से 19 सितंबर के बीच बोली के लिए खुला था। यह आईपीओ पूरी तरह से फ्रेश शेयरों का था, जिसके तहत कंपनी ने कुल 53.7 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखा था। एक शेयर का भाव 37 रुपये तय किया गया था। आवेदन के लिए न्यूनतम लॉट साइज 3000 शेयर का था। कंपनी ने अपने IPO के जरिए कुल 19.87 करोड़ रुपये जुटाए।
इस IPO को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और यह आखिरी दिन कुल 9.21 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ। कंपनी को सबसे अधिक बोली रिटेल कैटेगरी में मिली, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों के कोटे को 14.89 गुना अधिक सब्सक्राइक किया। वहीं 'अन्य' कैटेगरी में कंपनी को 3.54 गुना अधिक बोली मिली।
पॉपुलर फाउंडेशन ने बताया कि वह IPO के जरिए जुटाई गई राशि का इस्तेमाल अपने कर्ज को चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
पॉपुलर फाउंडेशन लिमिटेड ने 1988 में कारोबार की शुरुआत की थी। यह कंपनी इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेवाओं में माहिर है और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में व्यापक एंड-टू-एंड सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। कंपनी कारखानों, शैक्षणिक संस्थानों और कमर्शियल और आवासीय परियोजनाओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कंस्ट्रक्शन पर फोकस करती है। हालांकि, कंपनी रणनीतिक रूप से चेन्नई और उसके आसपास के गैर-आवासीय और गैर-सरकारी कंस्ट्रक्शन कार्यों पर फोकस करती है। लेकिन इसके चेन्नई के अलावा, पुड्डुचेरी, तंजौर, बैंगलोर, त्रिची, मदुरै, विझुप्पुरम और कोयंबटूर में भी सफलतापूर्वक प्रोजेक्ट पूरे किए हैं।