ब्रिटिश बीमा कंपनी प्रूडेंशियल पीएलसी, ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड की संभावित लिस्टिंग के बारे में सोच रही है। इसके तहत ब्रिटिश कंपनी अपनी हिस्सेदारी घटा सकती है। लेकिन यह बाजार की स्थिति, मंजूरियों और अन्य बातों पर निर्भर करेगा। आधिकारिक बयान में कहा गया है, "इसका उद्देश्य यह है कि इस तरह के डाइवेस्टमेंट के पूरा होने के बाद, शुद्ध आय शेयरधारकों को वापस कर दी जाएगी। हम उचित समय पर आगे की जानकारी देंगे। भारत, प्रूडेंशियल के लिए रणनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण बाजार है, जिसमें विकास की संभावनाएं हैं। हम बाजार में अपने कारोबार को बढ़ाने के अवसरों की तलाश जारी रखेंगे।"
ICICI Prudential AMC 51:49 पार्टनरशिप का जॉइंट वेंचर है और 26 वर्षों से अस्तित्व में है। इसके लिए ICICI Bank ने 1998 में प्रूडेंशियल पीएलसी के साथ साझेदारी की थी। ICICI Bank ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "हम ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी में अपना मेजॉरिटी स्टेक बनाए रखने का इरादा रखते हैं, जिससे हमारी लॉन्ग टर्म प्रतिबद्धता सुनिश्चित होगी।"
ICICI Prudential AMC का AUM
सितंबर 2024 तक ICICI प्रूडेंशियल AMC के पास 8,67,000 करोड़ रुपये से अधिक के एसेट्स अंड मैनेजमेंट (AUM) थे। साथ ही 133 से अधिक स्कीम्स में 1.1 करोड़ से अधिक निवेशक थे। वर्तमान में देश में SBI म्यूचुअल फंड भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) है। सितंबर 2024 तक इसके 11,19,756.6 करोड़ रुपये के एयूएम थे।
ICICI Bank के अलावा, ICICI समूह की अन्य लिस्टेड एंटिटीज में ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, ICICI लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी और ICICI सिक्योरिटीज शामिल हैं। ICICI Prudential AMC के लिस्टेड कॉम्पिटीटर्स में HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी, निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट कंपनी और यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी शामिल हैं। प्रूडेंशियल पीएलसी एशिया और अफ्रीका के 24 बाजारों में 1.8 करोड़ से अधिक ग्राहकों को लाइफ, हेल्थ इंश्योरेंस उपलब्ध कराने के साथ एसेट मैनेजमेंट सर्विसेज भी देती है।