स्टील सेक्टर की कंपनी राजपूताना स्टेनलेस लिमिटेड का 254.98 करोड़ रुपये का IPO 9 मार्च को खुलने जा रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड 116-122 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 110 शेयर है। कंपनी लॉन्ग और फ्लैट स्टेनलेस स्टील प्रोडक्ट बनाती है। यह 80 से ज्यादा अलग-अलग ग्रेड्स में स्टेनलेस स्टील प्रोडक्ट्स की पेशकश करती है। जैसे कि बिलेट्स, फोर्जिंग इनगॉट्स, रोल्ड ब्लैक एंड ब्राइट बार्स, फ्लैट एंड पैटी और अन्य एंसिलरी प्रोडक्ट्स।
इस IPO में 178.73 करोड़ रुपये के 1.47 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही प्रमोटर शंकरलाल दीपचंद मेहता की ओर से 76.25 करोड़ रुपये के 63 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहेगा। इश्यू 11 मार्च को बंद होगा। उसके बाद अलॉटमेंट 12 मार्च को फाइनल होगा। शेयरों की लिस्टिंग BSE, NSE पर 16 मार्च को हो सकती है।
राजपूताना स्टेनलेस भारत में अपने प्रोडक्ट्स को मुख्य रूप से डायरेक्ट सेल्स और ट्रेडर्स के जरिए बेचती है। इसके अलावा 5 देशों- UAE, USA, टर्की, कुवैत और पोलैंड को एक्सपोर्ट भी करती है। कंपनी अपनी एक्सपर्टीज और इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल अलग-अलग इंडस्ट्रीज के लिए कच्चे माल की सप्लाई करने के लिए करती है। इन इंडस्ट्रीज में सीमलेस पाइप्स, एयरोस्पेस, फोर्जिंग, ऑयल एंड गैस, डिफेंस, ऑटोमोटिव, एविएशन और प्रिसिजन इंजीनियरिंग शामिल हैं। राजपूताना स्टेनलेस का गुजरात के कलोल में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
राजपूताना स्टेनलेस के IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी लगाने के लिए, कर्ज को कुछ हद तक या पूरी तरह चुकाने के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। इस पब्लिक इश्यू के लिए निर्भय कैपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार Kfin Technologies Ltd है।
Rajputana Stainless की वित्तीय सेहत
अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 502.77 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 24.41 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस बीच कंपनी पर 85.91 करोड़ रुपये की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025 के दौरान राजपूताना स्टेनलेस की कुल इनकम 937.49 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 39.85 करोड़ रुपये रहा। IPO की ओपनिंग से पहले कंपनी ने एक एंकर इनवेस्टर Shine Star Build Cap से 10 करोड़ रुपये जुटाए। ग्रे मार्केट में राजपूताना स्टेनलेस का शेयर 1.5 रुपये या 1.23 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।