Saatvik Green Energy IPO: सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी सात्विक ग्रीन एनर्जी के IPO का अंतिम दिन है। निवेशकों से इसे जबरदस्त रिस्पांस देखने को मिला है। बोली के तीसरे दिन यानी आज इस आईपीओ को कुल 139% सब्सक्रिप्शन मिला है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कंपनी द्वारा पेश किए गए 1,42,71,970 शेयरों के मुकाबले 1,98,67,040 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
रिटेल और गैर-संस्थागत निवेशकों में जबरदस्त उत्साह
सात्विक ग्रीन एनर्जी के आईपीओ को अलग-अलग श्रेणियों के निवेशकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व कोटे में सबसे अधिक दिलचस्पी देखी गई, जहां 188% सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (NIIs) के हिस्से को 202% का भारी सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ। हालांकि, योग्य संस्थागत खरीदारों (QIBs) के हिस्से में अब तक केवल 4% सब्सक्रिप्शन ही देखा गया। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को कंपनी ने एंकर निवेशकों से 269 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाए थे।
हरियाणा बेस्ड सात्विक ग्रीन एनर्जी के इश्यू का प्राइस बैंड 442 से 465 रुपये प्रति शेयर है। ऊपरी प्राइस बैंड पर इस कंपनी का वैल्यूएशन लगभग 5,910 करोड़ रुपये है। यह सार्वजनिक पेशकश 900 करोड़ रुपये का है, जिसमें 700 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए और प्रमोटरों द्वारा 200 करोड़ रुपये के शेयरों की पेशकश की गई। कंपनी नए शेयरों से प्राप्त राशि का उपयोग मुख्य रूप से ओडिशा के गोपालपुर में 4 गीगावाट सौर पीवी मॉड्यूल बनाने के लिए नया सेंटर बनाने के लिए करेगी।
ग्रे मार्केट में क्या चल रहा है भाव?
किसी भी कंपनी के आईपीओ खुलने के बाद से ही निवेशकों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा उसके ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) को लेकर रहती है। InvestorGain के अनुसार, 23 सितंबर को दोपहर 12:05 बजे तक सात्विक ग्रीन एनर्जी का जीएमपी 15 रुपये था। इस हिसाब से शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत 480 रुपये (465 + 15) हो सकती है। फिलहाल यह ऊपरी प्राइस बैंड पर 3.23% के संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत दे रहा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।