आमिर खान से लेकर कैटरीना कैफ और सचिन तेंदुलकर तक; इन सेलिब्रिटीज ने IPOs से जमकर बनाया पैसा

IPOs News: देश के बढ़ते आईपीओ बाजार ने पिछले कुछ सालों में निवेशकों को कमाई का शानदार मौका दिया है। यहां तक कि कई बड़े बॉलीवुड स्टार और क्रिकेटरों ने भी इन IPOs (इनीशियल पब्लिक ऑफर) के जरिए शानदार कमाई की है। इन सिलेब्रिटीज ने IPOs आने से पहले ही इन कंपनियों में निवेश की रणनीति अपनाई

अपडेटेड Mar 08, 2024 पर 7:35 PM
Story continues below Advertisement
सचिन तेंदुलकर को आजाद इंजीनियरिंग में निवेश पर करीब 12 गुना रिटर्न मिला है

IPOs News: देश के बढ़ते आईपीओ बाजार ने पिछले कुछ सालों में निवेशकों को कमाई का शानदार मौका दिया है। यहां तक कि कई बड़े बॉलीवुड स्टार और क्रिकेटरों ने भी इन IPOs (इनीशियल पब्लिक ऑफर) के जरिए शानदार कमाई की है। इन सिलेब्रिटीज ने IPOs आने से पहले ही इन कंपनियों में निवेश की रणनीति अपनाई और लिस्टिंग पर जमकर मुनाफा कमाया। यहां हम आपको कुछ ऐसे ही सिलेब्रिटीज के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने पिछले 3 सालों में IPOs से मुनाफा कमाया है।

ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशन: आमिर खान और रणबीर

ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशन का आईपीओ, SME रूट से आया था। इसने बॉलीवुड स्टार आमिर खान और रणबीर कपूर को खूब फायदा कराया था। आमिर खान ने प्री-आईपीओ राउंड में 25 लाख रुपये निवेश कर कंपनी के 46,600 शेयर या 0.26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। वहीं रणबीर कपूर ने 20 लाख रुपये निवेश कर 37,200 शेयर या 0.21 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी। प्री-आईपीओ में भाग लेने वाले निवेशकों को ये शेयर 53.59 रुपये के भाव पर आवंटित हुए थे।

ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशन के शेयर 23 दिसंबर 2022 को बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर 102 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुए। 7 मार्च को स्टॉक का भाव 155.85 रुपये पर बंद हुआ, जो लिस्टिंग के बाद से करीब 45.52 प्रतिशत का रिटर्न है। आमिर खान का निवेश की वैल्यू मौजूदा भाव पर करीब 3 गुना बढ़कर 72.62 लाख रुपये हो गई होगी, जबकि रणबीर कपूर के शेयरों की वैल्यू 57.97 लाख रुपये होगी।


आजाद इंजीनियरिंग: सचिन तेंदुलकर

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को आजाद इंजीनियरिंग के आईपीओ ने जबरदस्त फायदा पहुंचाया। सचिन तेंदुलकर ने मार्च 2023 में प्री-आईपीओ राउंड के दौरान कंपनी में 4.99 करोड़ रुपये निवेशक 438,120 शेयर खरीदे थे। सचिन को ये शेयर 114.10 रुपये के औसत भाव पर मिले थे। आजाद इंजीनियरिंग के शेयर 28 दिसंबर 2023 को 720 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुए। वहीं 7 मार्च को यह शेयर 1,355.3 रुपये पर बंद हुआ। मौजूदा बाजार भाव के आधार पर, सचिन तेंदुलकर के निवेश की वैल्यू करीब 12 गुना बढ़कर 59.39 करोड़ रुपये होगी।

नायका: आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ

आलिया भट्ट ने जुलाई 2020 के दौरान फाल्गुनी नायर की कंपनी नायका में 4.95 करोड़ रुपये का निवेश किया। जब कंपनी 10 नवंबर 2021 को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई, तो उस समय आलिया भट्ट का निवेश लगभग 11 गुना बढ़कर 54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

वहीं कैटरीना कैफ ने 2018 में 2.04 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 'नायका-केके ब्यूटी' नाम से एक ज्वाइंट वेंचर खोला था। कैटरीना कैफ का निवेश लिस्टिंग के समय लगभग 11 गुना बढ़कर 22 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, लिस्टिंग के बाद नायका के स्टॉक में आए गिरावट के कारण इन बॉलीवुड अभिनेत्रियों का लाभ, नुकसान में बदल गया होगा।

नायका के शेयर 10 नवंबर 2021 को 2,129 रुपये पर सूचीबद्ध हुए। कंपनी ने अक्टूबर 2022 में 1:5 अनुपात में बोनस शेयर का ऐलान किया। 7 मार्च को नायका अपने लिस्टिंग मूल्य से 60.18 प्रतिशत नीचे 156.5 रुपये पर बंद हुआ।

मामाअर्थ: शिल्पा शेट्टी

शिल्पा शेट्टी कुंद्रा ने मामाअर्थ में 6.7 करोड़ रुपये का निवेश किया था, उन्होंने 41.86 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 16 लाख शेयर मिले थे। उन्होंने मामाअर्थ के आईपीओ के ऑफर फॉर सेल (OFS) हिस्से में 13.93 लाख शेयर बेचे। मामाअर्थ के शेयर 7 नवंबर 2023 को 330 रुपये पर सूचीबद्ध हुए। शिल्पा शेट्टी ने आईपीओ से 45.14 करोड़ रुपये कमाए। उनके पास अभी भी कंपनी के लगभग 2.3 लाख शेयर हैं।

पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल: अजय देवगन

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन को भी पैनोरमा स्टूडियो में अपने निवेश पर ब्लॉकबस्टर रिटर्न मिला। हालांकि देवगन ने प्री-आईपीओ के बजाय प्रेफरेंशिय इश्यू के जरिए कंपनी में निवेश किया था।4 मार्च को, देवगन को 274 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 1 लाख शेयर मिले। इस निवेश की वैल्यू 2.74 करोड़ रुपये थी। पैनोरमा स्टूडियोज के शेयर 7 मार्च को 995 रुपये पर बंद हुए, इस भाव पर देवगन का निवेश 9.95 करोड़ रुपये हो गया होगा, जो करीब 363.13 फीसदी का रिटर्न है।

यह भी पढ़ें- Virat Kohli ने गुरुग्राम में लीज पर दिए अपने 12 ऑफिस, सालाना मिलेगा ₹1.27 करोड़ किराया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।