Go Digit IPO: सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) कनाडा के फेयरफैक्स ग्रुप के निवेश वाली कंपनी गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड (Go Digit General Insurance) के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के प्रस्ताव को ‘निलंबित’ रखा है। हालांकि, मार्केट रेगुलेटर सेबी ने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा है।
गो डिजिट ने बीते 17 अगस्त को SEBI के पास आईपीओ के लिए ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। कंपनी में निवेश करने वालों में क्रिकेट खिलाड़ी विराट कोहली (Virat kohli) और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी शामिल हैं।
गो डिजिट के आईपीओ को लेकर जमा दस्तावेज के अनुसार, कंपनी आईपीओ के तहत 1,250 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। साथ ही कंपनी के प्रमोटर और मौजूदा शेयरहोल्डर्स अपने हिस्से के 10.94 करोड़ इक्विटी शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे।
कंपनी नए इक्विटी शेयरों को जारी कर जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कैपिटल बेस बनाने, सामान्य कंपनी उद्देश्यों और अन्य कार्यों के लिए करेगी। SEBI की वेबसाइट पर मौजूद सूचना के मुताबिक, रेगुलेटर ने कारणों का खुलासा किये बिना गो डिजिट के आईपीओ के संदर्भ में अपनी टिप्पणियों को ‘निलंबित’ रखा है।
गो डिजिट, एक डिजिटल इंश्योरेंस कंपनी है, जो ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक मोटर इंश्योरेंस, हेल्थ इंश्योरेंस, ट्रैवल इंश्योरेंस, मरीन इंश्योरेंस, प्रॉपर्टी इंश्योरेंस सहित दूसरे बीमा प्रोडक्ट को ऑफर करती है। यह भारत की उन पहली गैर-लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों में शामिल है, जो पूरी तरह से क्लाउड पर ऑपरेट होती है और इसने कई चैनल पार्टनर्स के साथ अफना एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (API) विकसित किया है।
प्राइवेट सेक्टर के बैंक, एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने पिछले महीने ही गो डिजिट लाइफ इंश्योरेंस (Go Digit Life Insurance) की .94 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया था। बैंक ने बताया कि वह इस हिस्सेदारी के बदले में 69.9 करोड़ रुपये का दो किस्तों में निवेश करेगा।