Shadowfax ने IPO के लिए JM Financial, Morgan Stanley, ICICI Securities को बनाया लीड बैंकर; 2025 में लॉन्च हो सकता है इश्यू

Shadowfax IPO: शैडोफैक्स की शुरुआत 2015 में हुई थी। यह एक ई-कॉमर्स सर्विस प्रोवाइडर और हाइपरलोकल डिलीवरी स्टार्टअप है। शैडोफैक्स डिलीवरी एजेंट भी प्रदान करता है, जो व्यस्त समय के दौरान क्विक कॉमर्स कंपनियों के ऑर्डर पूरे करते हैं। यह प्रतिदिन 20 लाख से अधिक पैकेज डिलीवर करता है

अपडेटेड Nov 27, 2024 पर 12:15 PM
शैडोफैक्स की IPO की तैयारी 400 करोड़ रुपये के फंडिंग राउंड के बाद हुई है।

Shadowfax IPO: लॉजिस्टिक्स स्टार्टअप शैडोफैक्स ने अपने आने वाले IPO के लिए जेएम फाइनेंशियल, मॉर्गन स्टेनली और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज को प्रमुख बैंकर के रूप में चुना है। इसे IPO के 2025 की दूसरी छमाही में लॉन्च होने की उम्मीद है। यह बात मनीकंट्रोल को मामले की जानकारी रखने वालों से पता चली है। शैडोफैक्स में फ्लिपकार्ट का पैसा लगा हुआ है।

एक व्यक्ति ने कहा, "IPO का साइज लगभग 2,500 करोड़ रुपये (लगभग 29.5 करोड़ डॉलर) हो सकता है। या मोटे तौर पर 2,000 करोड़ रुपये (लगभग 23.5 करोड़ डॉलर) से 3,000 करोड़ रुपये (लगभग 35 करोड़ डॉलर) की सीमा में रह सकता है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि रिस्पॉन्स कितना मजबूत है।"

हाल ही में जुटाई 400 करोड़ रुपये की फंडिंग


एक दूसरे सूत्र ने कहा कि शैडोफैक्स की IPO की तैयारी 400 करोड़ रुपये (4.7 करोड़ डॉलर) के फंडिंग राउंड के बाद हुई है। इस राउंड में एडलवाइस डिस्कवरी फंड और कई हाई-नेट-वर्थ इंडीविजुअल्स (HNIs) और फैमिली ऑफिसेज ने फंडिंग की। व्यक्ति ने कहा, "शैडोफैक्स ने अपने नए फंडिंग राउंड के दौरान 6,000 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन हासिल की। स्टार्टअप शेयर मार्केट में अपनी शुरुआत के लिए इससे थोड़ा अधिक प्रीमियम की उम्मीद कर रहा है।"

NTPC Green IPO Listing: ₹108 का शेयर 3% प्रीमियम पर लिस्ट, भागी ग्रे मार्केट से बनी घबराहट

इस साल की शुरुआत में हासिल की थी 850 करोड़ की फंडिंग

इस साल की शुरुआत में शैडोफैक्स ने टीपीजी न्यूक्वेस्ट की अगुवाई वाले फंडिंग राउंड में 850 करोड़ रुपये हासिल किए थे। इस फंडिंग राउंड में मिराए एसेट वेंचर इनवेस्टमेंट्स (इंडिया), फ्लिपकार्ट, इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC), नोकिया ग्रोथ पार्टनर्स, क्वालकॉम और ट्राइफेक्टा कैपिटल सहित मौजूदा निवेशकों की भागीदारी रही थी। यह दौर प्राइमरी कैपिटल और सेकेंडरी ट्रांजेक्शन दोनों का मिक्स था। मौजूदा निवेशकों ने आने वाले निवेशकों के लिए रास्ता बनाने के लिए शेयर बेचे थे।

बेंगलुरु स्थित शैडोफैक्स एक ई-कॉमर्स सर्विस प्रोवाइडर और हाइपरलोकल डिलीवरी स्टार्टअप है। इसका दावा है कि स्टार्टअप का डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क 2,500 से अधिक शहरों में फैला हुआ है और 19,000 से अधिक पिन कोड को कवर करता है। यह प्रतिदिन 20 लाख से अधिक पैकेज डिलीवर करता है, जिसमें कुछ क्विक कॉमर्स पैकेज भी शामिल हैं। शैडोफैक्स डिलीवरी एजेंट भी प्रदान करता है, जो व्यस्त समय के दौरान क्विक कॉमर्स कंपनियों के ऑर्डर पूरे करते हैं। शैडोफैक्स की शुरुआत 2015 में हुई थी।

Suraksha Diagnostic IPO 29 नवंबर को होगा ओपन, 26 नवंबर को सामने आएगा प्राइस बैंड

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।